Site icon OmExpress

फिर पश्चिमी विक्षोभ, फिर छाया कोहरा:बीकानेर में लगातार पश्चिमी विक्षोभ आने से सर्दी फिर बढ़ी

बादलवाही के बीच बारिश की उम्मीद

बीकानेर।सर्दी से कुछ दिन की राहत के बाद एक बार फिर कोहरे ने बीकानेर को घेर लिया है। शहर व गांवों में घने कोहरे के बीच न सिर्फ यातायात प्रभावित रहा बल्कि आम जनजीवन पर भी असर पड़ा। स्कूल जाने वाले बच्चों को परेशानी हुई तो ऑफिस जाने वालों को आम दिनों से ज्यादा गर्म कपड़े पहनने पड़े।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ आठ फरवरी को सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ व चूरू में आज रात हल्की बारिश हो सकती है। वहीं नौ फरवरी को इस सिस्टम का असर बीकानेर, जयपुर, भरतपुर के जिलोंमें रहेगा। एक बारफिर उत्तरी भाग में भी तेज मेघ गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। दस फरवरी के बाद प्रदेश में एक बार फिर मौसम शुष्क हो जाएगा।

इस बीच बीकानेर में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई थी जो अब वापस कम होने की उम्मीद है। पिछले चौबीस घंटे में बीकानेर में अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस था तो न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस रहा। श्रीगंगानगर में सोमवार की रात ही तापमान दस डिग्री सेल्सियस से कम हो गया था।

विवाह समारोह में खलल

एक बार फिर मौसम विवाह शादियों में खलल पैदा कर सकता है। दरअसल, पिछले दिनों 23 जनवरी को विवाह समारोह बड़ी संख्या में थे। तब भी बीकानेर में 21 व 22 जनवरी को बारिश हुई। अब एक बार फिर बीकानेर में विवाह समारोह चल रहे हैं तो बारिश की आशंका बन गई है। ऐसे में लोगों को इनडोर व आउटडोर दोनों तरह की व्यवस्था रखनी पड़ रही है।

Exit mobile version