Site icon OmExpress

बिपरजॉय प्रभावित इलाके का हवाई दौरा कर कहा बचाव-राहत में कमी नहीं आएगी : अशोक गहलोत

जयपुर । मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को जालोर में बिपरजॉय चक्रवात से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। प्रभावित लोगों से मुलाकात की तथा प्रभावित क्षेत्र में चल रहे बचाव एवं राहत कार्यों के बारे में जानकारी ली। आपदा प्रबंधन मंत्री गोविंदराम मेघवाल भी उनके साथ रहे।
हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने जालोर के आईपुरा, वेडिया तथा आस-पास के क्षेत्रों के बाढ़ प्रभावितों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनी।कहा कि राज्य सरकार द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों में कोई कमी नहीं रखी जा रही है। सरकार संकट की इस घड़ी में आमजन के साथ खड़ी है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को नियमानुसार आपदा राहत सहायता उपलब्ध कराने के लिए आश्वस्त किया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावितों के लिए अस्थाई आवास, भोजन, पेयजल, चिकित्सा, विद्युत, सफाई आदि का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक एवं निजी सम्पत्तियों, फसल और पशुओं को हुए नुकसान का जल्द से जल्द आकलन कर प्रभावितों को त्वरित सहायता पहुंचाई जाए।


इस दौरान आपदा प्रबंधन एवं सहायता मंत्री गोविंदराम मेघवाल के साथ ही जन अभाव अभियोग निराकरण समिति के अध्यक्ष पुखराज पाराशर, जिला कलक्टर निशान्त जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version