Site icon OmExpress

बीकानेर के विभिन्न व्यवसायिक संगठनों, सर्राफा बाजार के व्यापारियों सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक आयोजित

बीकानेर, 22 अक्टूबर। जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट कुमार पाल गौतम ने कहा कि लगातार बढ़ रही लूट व जानलेवा हमलों पर प्रभावी अंकुश लगेगा । साथ ही दीपावली पर कानून व्यवस्था पूर्णतया संधारित रहे। मुख्य मार्गों का यातायात प्रबंधन ऐसा हो कि आम लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी ना हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासन कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगा। इस व्यवस्था को बनाये रखन के लिए आमजन भी अपना सकारात्मक सहयोग प्रदान करें।

गौतम मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बीकानेर के विभिन्न व्यवसायिक संगठनों, सर्राफा बाजार के व्यापारियों सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि दीपावली पर बेहतर कानून व्यवस्था बनी रहे, किसी तरह की घटना-दुर्घटना ना हो, इसके लिए संपूर्ण तैयारियां कर ली गई हैं। महात्मा गांधी मार्ग पर ट्रैफिक क्राउड को कम करने के लिए भी वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। आने वाले त्योहार के समय रतन बिहारी पार्क में पार्किंग की सुविधा विकसित की जाएगी, ताकि मुख्य मार्ग पर वाहनों के खड़े होने के कारण रास्ता जाम ना हो। उन्होंने विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने प्रतिष्ठान पर सीसीटीवी कैमरे भी लगवाएं।

बैठक में उपस्थित व्यापारियों ने बताया कि रात के समय जब भी अपनी दुकान बंद करते हैं तो सीसीटीवी कैमरे का विद्युत कनेक्शन विच्छेद हो जाता है और रात को होने वाली घटना-दुर्घटना की रिकॉर्डिंग कैमरे में नहीं हो पाती है। जिला कलेक्टर ने व्यापारियों से कहा कि वे सभी मिलकर अलग-अलग पॉइंट पर अपने सीसीटीवी कैमरे लगा दें और इन कैमरों को विद्युत कनेक्शन देने की व्यवस्था नगर निगम द्वारा रात के समय कर दी जाएगी। गौतम ने कहा कि महात्मा गांधी रोड पर व्यापारिक प्रतिष्ठानों द्वारा सीसीटीवी कैमरे लगाने के अतिरिक्त और कैमरे जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा लगाये जाएगें। साथ ही इन कैमरों को अभय कमांड से जोड़ा जाएगा। उन्होंने पुलिस के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्य स्थानों पर जहां बीट कांस्टेबल की ड्यूटी रहती है, उन सभी कॉन्स्टेबल का विजिटिंग कार्ड व्यापारिक संगठनों को नगर विकास न्यास के माध्यम से दिलाए जाएंगे और विजिटिंग कार्ड के पीछे बीट कांस्टेबल का मोबाइल नंबर के साथ-साथ संबंधित थाने का और थाना प्रभारी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय के नंबर भी अंकित रहेंगे। यह विजिटिंग कार्ड सभी व्यवसायियों को दे दिए जाएंगे ताकि किसी तरह की घटना-दुर्घटना होने पर तत्काल बीट कांस्टेबल सहित अन्य अधिकारियों को सूचना उपलब्ध करवाई जा सके।

आधुनिक तकनीक से संभावित घटना को रोका जाएगा-बैठक में ज्वेलरी की दुकानों सहित अन्य दुकानदारों ने जिला मजिस्ट्रेट से कहा कि अक्सर बदमाशों तथा असामाजिक तत्वोें द्वारा दुकान में चोरी के साथ-साथ झगड़े तथा मारपीट की घटनाएं भी कर लेते हैं। इसे रोकने के लिए कुछ बेहतर उपाय होने चाहिए। इस पर जिला कलेक्टर गौतम ने कहा कि अब एक नवाचार के तहत दुकानों में एक बटन लगाया जाएगा और इसका कनेक्शन संबंधित थाने व चैकी पर होगा, जहां दुकान के बारे में भी लिखा होगा। जैसे ही कोई अप्रिय घटना होती है या घटना होने की आशंका होगी तो दुकानदार द्वारा वह बटन दबाने से तत्काल पुलिस सहायता दुकान तक संदेश पहुंच जाएगा। उन्होंने ज्वेलरी दुकानदारों से यह भी आग्रह किया कि सोने-चांदी के गहने के जहां बनाये जाते हैं उनका वेरिफिकेशन भी करवाएं। इसके अलावा जो कारीगर गहनों का कार्य करते हैं उनका आधार अथवा कोई अन्य पहचान पत्र संबंधित थाने में देकर इसकी भी पड़ताल करा लेनी चाहिए ताकि किसी तरह की संभावित घटना से बचा जा सके
बैठक में जिला मजिस्ट्रेट ने पुलिस के अधिकारियों और व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों से कहा कि वह सोशल पुलिसिंग विकसित करें, इसमें आम लोगों को पुलिस के साथ जोड़ा जाए और एनसीसी, स्काउट के बच्चों को भी शामिल करते हुए ऐसी व्यवस्था विकसित करें कि रात के समय जब पुलिस गश्त करती है, तो सभी क्षेत्रों से एक-एक व्यक्ति गस्त में शामिल हो। इससे आमजन में पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनने से विश्वास का एक नया माहौल बनेगा, साथ ही अगर कभी देर रात को किसी तरह की जरूरत आमजन को यथा बीमारी या कोई व्यक्ति बाहर से आए तो मकान का एड्रेस बताने आदि में भी सहयोग लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्काउट को जोड़ने के लिए वे दोनों संस्थानों के प्रभारी अधिकारियों को पत्र लिखेंगे।

मुंह पर कपड़ा बांधा तो धारा 144 में कार्यवाही– जिला मजिस्ट्रेट ने पुलिस के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगर कोई पुरुष या महिला वाहन को मुंह पर कपड़ा बांधकर चलाते हैं तो ऐसे व्यक्तियों के विरूद्ध धारा 144 के तहत कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि मुंह पर कपड़ा बांधने वाले को वारदात को अंजाम देने वाले की श्रेणी में माना जाएगा, जो व्यक्ति पकड़ा जाएगा उसे यह साबित करना पड़ेगा कि उसने मुंह पर कपड़ा किस कारण लगा रखा है और वह किसी अपराधिक कार्य करने नहीं जा रहा था। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 107 और 116 में भी कार्रवाई की जाए।
गौतम ने कहा कि पुरानी जेल की जो खुली जमीन पड़ी है यहां भी पुलिस समय-समय पर रात के समय गस्त लगाएं, इस क्षेत्र के कुछ लोगों ने व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अवगत करवाया है कि खुली पड़ी भूमि पर असामाजिक तत्व रात को जमावड़ा लगा लेते हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली के मौके पर कानून व्यवस्था और यातायात सही से बना रहे इसके लिए आर्मी और

बीएसएफ के जवानों का भी सहयोग लिया जाएगा।
यह भी दिवाली मनाएं– बैठक में उपस्थित व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी और पुलिस के अधिकारियों के साथ काफी विस्तृत चर्चा की कि महात्मा गांधी मार्ग पर बीच में जो लोग दीपावली के समय मिट्टी के दीपक सहित अन्य सामान की दुकान लगाते हैं इन पर क्या निर्णय लिया जाए। सभी पहलुओं पर विचार विमर्श हुआ कि इन लोगों को अन्यत्र स्थानांतरित कर दिया जाए या दुकान लगाने ही नहीं दी जाए। मगर व्यापारी और जिला कलेक्टर बहुत भावुक हुए और सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया की इन सभी लोगों को यहां अस्थाई दुकानें लगाने दी जाए। सभी की भावनाओं को सुनने के बाद गौतम भी भावुक हुए और कहा कि इन्हें भी दिवाली मनाने दी जाए। 5 दिन दुकान लगाने से इन्हें भी आर्थिक लाभ होगा और सामाजिक समरसता बनी रहेगी।
बैठक में ये रहे उपस्थित – बैठक में आयुक्त नगर निगम प्रदीप के गंवाडे, अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) शैलेन्द्र देवड़ा, सी.ओ. सिटी सुभाष शर्मा, कोटगेट थाने के एसएचओ धरम पूनिया, नयाशहर एसएचओ ईश्वर प्रसाद, सिटी कोतवाली के राधेश्याम सोनी, एस.आई.किशनाराम, प्रेम खण्डेलवाल, बीकानेर व्यापार उद्योग मण्डल के अध्यक्ष जुगल राठी, बीकानेर सर्राफा समिति के अध्यक्ष बजरंग सोनी, सचिव सुनील सोनी, बीकानेर व्यापार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सोनूराज आसुदानी, व्यापार एसोसिएशन के प्रवक्ता श्याम कुमार तंवर, सर्राफा बाजार सदस्य जय सेठिया, बीकानेर व्यापार उद्योग मण्डल सचिव वीरेन्द्र किराड़ू, बीकानेर व्यापार उद्योग मण्डल संरक्षक परिषद के अध्यक्ष अन्नतवीर जैन, जिला उद्योग संघ के सावन पारीक, जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष डी.पी.पचीसिया, करणी उद्योगिक क्षेत्र के अध्यक्ष महेश कुमार कोठारी, बीकानेर व्यापार एसोसिएशन के सचिव उमेश मेहन्दीरता, स्र्वणकार सभा समिति बीकानेर शहर के अध्यक्ष तिलोकचन्द सोनी, श्याम शेहरी आदि उपस्थित थे।

Exit mobile version