बीकानेर नगर निगम चुनाव :80 वार्डो में 334 प्रत्याशी मैदान में
administrator
बीकानेर। नगर निगम चुनाव 2019 के लिए 16 नवम्बर को मतदान होगा। निगम के 80 वार्डों के लिए 334 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। 420 मतदान केन्द्रों में मतदान करवाने के लिए 1793 मतदान कार्मिकों को शुक्रवार पॉलोक्निक कॉलेज में अंतिम प्रशिक्षण देकर, मतदान सामग्री के साथ गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी कुमार पाल गौतम, पर्यवेक्षक नारायण सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी ए.एच. गौरी व रिटर्निंग अधिकारी एवं सचिव नगर विकास न्यास मेघराज मीणा ने पॉलोक्निक कॉलेज में कार्मिकों के अंतिम प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को व्यवस्थाओं संबंधी दिशा-निर्देश दिए। गौतम ने मतदान दल कार्मिकों को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सम्पन्न कराने के निर्देश दिए और कहा कि मतदान दलों को अपने व्यवहार में सौम्यता रखते हुए चुनाव करवाना है। आचार संहिता की उन्हें स्वयं पालना करते हुए शान्तिपूर्ण मतदान सम्पन्न कराना है। उन्होंने कहा कि शान्तिपूर्ण और भयमुक्त चुनाव करवाने के लिए प्रशासन ने सभी व्यवस्थाओं को चाक-चैबंद किया है।