Site icon OmExpress

बीकानेर में घर-घर स्टीकर लगाने का अभियान प्रारम्भ

– आमजन से की समझाइश, मास्क बिना ना निकलें घरों से बाहर

बीकानेर, 7 अक्टूबर। कोरोना संक्रमण के विरूद्ध जागरुकता के जन आंदोलन के तहत घर-घर स्टीकर लगाने, मास्क वितरण एवं आमजन को कोरोना एडवाइजरी की समझाइश का अभियान बुधवार को शुरू हुआ।
जिला प्रशासन द्वारा मुक्ति संस्था के सहयोग से नत्थूसर बास में ब्रह्म बगीचा के पास कोरोना से बचाव के स्टीकर लगाए गए।

मुक्ति संस्था के अध्यक्ष हीरालाल हर्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में प्रदेश में कोरोना पर प्रभावी नियंत्रण किया गया है। प्रदेश की मृत्यु दर भी बेहद कम है। सरकार इस बात को लेकर प्रतिबद्ध है कि कोरोना के कारण कोई जनहानि नहीं हो। इसके लिए चिकित्सा के आधारभूत संसाधनों में वृद्धि के साथ आमजन को जागरुक करने का अभियान भी चलया जा रहा है।
हर्ष ने कहा कि जब तक कोरेाना की वैक्सीन नहीं आ जाए, तब तक बचाव आवश्यक है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को मास्क लगाना, आवश्यक दूरी रखना तथा समय-समय पर हाथ सेनेटाइज करने चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की पहल पर जागरुकता का यह अभियान अब जन आंदोलन बन चुका है। जिला कलक्टर की अगुवाई में जिले की दर्जनों संस्थाएं इस अभियान से जुड़ गई हैं। यह कोरोना से बचाव की तरफ एक कदम है।
जागरुकता अभियान के समन्वयक तथा साक्षरता के वरिष्ठ अधिकारी राजेन्द्र जोशी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में भी जागरुकता का सघन अभियान चलाया गया। इसमें आमजन की प्रभावी भागीदारी रही। अब एक बार फिर 3 अक्टूबर से इसे जन आंदोलन के रूप में चालू किया गया है। इस दौरान राज्य सरकार द्वारा प्रदेश भर में जरूरतमंद को मास्क वितरित करने का लक्ष्य भी रखा है। उन्होंने कहा कि जिला कलक्टर के नेतृत्व में जिले में जागरुकता प्रदर्शनी लगाकर, प्रदेश में पहली बार नवाचार करते हुए मोहल्लों में लाउडस्पीकर के माध्यम से तथा पोस्टर एवं बैनर द्वारा आमजन को जागरुक किया जा रहा है।

जोशी ने कहा कि सरकार एवं प्रशासन अपने स्तर पर बेहतर प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जब तक आमजन इस अभियान से नहीं जुड़ेगा तब तक आशा के अनुरूप परिणाम नहीं आ पाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुसार इसे जन आंदोलन का रूप देने के लिए प्रत्येक परिवार को पहल करनी होगी। उन्होंने कहा कि आज इस बात का संकल्प लेने की जरूरत है कि हम में से कोई भी बिना मास्क नहीं रहेगा और ऐसा करने वालों को हम जागरुक करेंगे। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरूआत में ब्रह्म बगीची के पास घरों में स्टीकर लगाए गए तथा मास्क वितरित किए गए। यह अभियान सतत रूप से चलता रहेगा। मुक्ति संस्थान इसमें लगातार सहयोग करेगी।
जोशी ने कहा कि कोरोना के विरुद्ध जनजागरुकता के लिए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इनकी शुरुआत बुधवार को स्लोगन प्रतियोगिता के साथ हो गई है। आमजन 7 से 9 अक्टूबर तक स्लोगन भेज सकते हैं। विजेता रचनाओं को जिला कलक्टर द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
पार्षद विजय सिंह राजपूत ने कहा कि कोरोना को समूल खत्म कर देना हमारा सामूहिक लक्ष्य एवं प्राथमिकता है। इसके लिए जागरुकता का यह संदेश घर-घर तक पहुंचाएंगे। उन्होंने इस अभियान से संस्थाओं का जुड़ना सराहनीय बताया तथा कहा कि प्रत्येक वर्ग के सामूहिक प्रयासों से ही इसे खत्म किया जा सकता है। नगर निगम के सर्किल निरीक्षक कमल चांवरिया ने कहा कि प्रत्येक घर का मुखिया इस बात का संकल्प करे कि कोई भी बिना मास्क घर से नहीं निकलेगा। इस दौरान स्काउट एवं गाइड के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Exit mobile version