Site icon OmExpress

भगवान गजानन संग में भक्तों ने खूब खेला फाग


बीकानेर ,। कोटगेट सट्टा बाजार स्थित श्री ब्राह्मण स्वर्णकार गणेश मंदिर प्रांगण में शुक्रवार को फागोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस शुभ प्रसंग पर भगवान श्री गणेश जी को रंगीन वस्त्र धारण कराकर इत्र, पुष्पों संग व अलग-अलग रंगों यथा पीला, लाल, हरा, गुलाबी, अबीर-गुलाल अर्पित कर भक्तजनों ने अपने आराध्य के गालों पर भी गुलाल लगाया और फुहार कर फाग खेलाया। ट्रस्टी गणेश सोनी ने बताया कि इस आनंदोत्सव के दौरान भगवान गजानन को विशेष पकवान व राबड़िये का भोग भी अर्पित किया गया। प्रबंधक रामस्वरूप सोनी, भवानी सोनी, पुजारी शंकर सेवग, समाज बंधुओं व श्रीगणेश भक्तों ने एक संग इत्र, पुष्प, अबीर-गुलाल के साथ होली खेली।
इस मधुरोत्सव में रंग-बिरंगे पुष्पों से वातावरण सुंदर, इत्र से पवन सुगंधित और रंगों से बसंती हवाएं श्रद्धालुओं के मनमंदिर को प्रफुल्लित कर गईं। इसके साथ राधा-श्रीकृष्ण के रूप में सपना शर्मा व पारूल विजय, बाल गणेश स्वरूप में श्रेयांश सोनी ने जब भक्तजनों पर पुष्पों की मनमोहक वर्षा की तो जयघोष एवं आनंदातिरेक से वातावरण गूंज उठा और श्रद्धालुजन भावविभोर हो उठे।
ममता एंड पार्टी के भजनों पर भक्तजन भाव-विभोर हो कर झूम उठे। ढोल की थाप पर महिलाओं ने मस्ती में नृत्य किया। उन्होंने भक्तों संग फाग का साझा गान कर आराध्य के चरणों में निवेदित किया। सैकड़ों श्रीगणेश भक्त आस्था के इन पलों को अपने मन, स्मृति में सहेजने व फाग खेलने के लिए उमड़ पड़े। इस शुभ प्रसंग पर समाज के गणमान्य जन भी उपस्थित रहे।

Exit mobile version