बीकानेर। महाजन फील्ड फायरिंग रैंज लड़ाकों के अभ्यास के लिए फिर तैयार है। दो दिन बाद रैंज की धरती बम के गोलों से गूंज उठेगी। इस बार भारतीय सेना फ्रांस के जवानों के साथ मिलकर युद्धाभ्यास करेगी। हालांकि यह लड़ाई आतंक के खिलाफ है और दोनों देशों की सेनाएं वर्ष 2011 से संयुक्त अभ्यास कर रही है।

बीकानेर जिले में स्थित महाजन फील्ड फायरिंग रैंज में 31 अक्टूबर से पांचवें संस्करण का आगाज होगा और अगले एक पखवाड़े तक यह अभ्यास चलेगा। आगामी 13 नवम्बर को अंतिम अभ्यास होगा। इस महाभ्यास को एक्सरसाइज शक्ति-2019 नाम दिया गया है। अभ्यास के दौरान, प्रतिभागी संयुक्त योजना, घेरा और खोज अभियान, खोज और बचाव, संयुक्त सामरिक अभ्यास और विशेष हथियार कौशल की मूल बातें जैसे कई विषयों पर कई तरह के मिशनों में संलग्न होंगे।

फ्रांस की सेना पहुंची बीकानेर

फ्रेंच आर्मी के जवान पांचवीं अभ्यास श्रंखला के लिए बीकानेर पहुंच गए हैं। महाजन फील्ड फायरिंग रेंज स्थित अभ्यास क्षेत्र में भारतीय सेना के अधिकारियों ने फ्रांस की सेना ने तिलक लगाकर और फूलों की माला पहनाकर पारम्परिक स्वागत किया। इस संस्करण में एक्सरसाइज के लिए फ्रेंच आर्मी की टुकड़ी में 38 सैनिक यहां पहुंचे हैं। महाजन फील्ड फायरिंग रेंज अभ्यास क्षेत्र में पहुंचने पर, भारतीय सेना ने फ्रांसीसी सेना की टुकड़ी के लिए गर्मजोशी और पारंपरिक तरीके से स्वागत किया, जिसके बाद दोनों देशों के सैनिकों के बीच सद्भाव पूर्ण आदान-प्रदान हुआ।