Site icon OmExpress

मंगलवार देर शाम को गांव के दो युवकों ने नाबालिग लड़की का अपहरण कर उसके साथ गैंगरेप किया. साथ ही उसकी अश्लील फोटो भी खींच ली.

बाड़मेर। देश भर में लड़कियों के साथ सामूहिक बलात्कार के मामले थम नहीं रहे हैं. यूपी के हाथरस में दलित युवती के साथ कथित गैंगरेप का मामला शांत भी नहीं पड़ा था कि राजस्थान के सरहदी बाड़मेर जिले में सामूहिक बलात्कार की घटना ने सबको झकझोर दिया. यहां पर नाबालिग लड़की का अपहरण कर गैंगरेप किया गया है. जिस वक्त इस घटना को अंजाम दिया गया था उस वक्त परिवार के अन्य लोग मतदान करने के लिए गए हुए थे. परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने पोक्सो एक्ट व आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

-गैंगरेप के बाद उसकी अश्लील फोटो भी खींची गई

जानकारी के मुताबिक, मामला भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे सरहदी बाड़मेर जिले के शिव थाना क्षेत्र स्थित एक गांव का है. कहा जा रहा है कि मंगलवार देर शाम को गांव के दो युवकों ने नाबालिग लड़की का अपहरण कर उसके साथ गैंगरेप किया. साथ ही उसकी अश्लील फोटो भी खींच ली. पीड़ित परिवार के मुताबिक, परिवार के सभी लोग मतदान करने के लिए गए हुए थे. घर पर नाबालिग लड़की अकेली थी. दो युवकों ने लड़की का अपहरण कर मोटरसाइकिल पर बैठाकर घर से दूर ले जाकर गैंगरेप किया और अश्लील फोटो भी खींच ली. जब परिवार के लोग मतदान कर घर वापिस लौटे तो लड़की घर पर नहीं थी. इधर-उधर खोज शुरू की लेकिन नाबालिग का कही सुराग नहीं लगा. फिर परिजनों ने भियाड़ पुलिस चौकी को इतला दी,जिसके बाद देर शाम घर से दूर बालिका अचेत अवस्था मे मिली. जिस पर परिजन नाबालिग को लेकर शिव अस्पताल गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बाड़मेर रैफर कर दिया गया.

वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही शिव थानाधिकारी विक्रम सिंह सांदू अलग-अलग टीम का गठन कर आरोपियों की तलाश में जुट गए हैं. शिव थानाधिकारी विक्रम सिंह सांदू के मुताबिक, परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पोक्सो एक्ट व आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं, पीड़िता के बयान लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है. बहरहाल पीड़िता का राजकीय अस्पताल में इलाज चल रहा है.

Exit mobile version