Site icon OmExpress

मंत्री भाटी ने देशनोक में 4 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध कराए

बीकानेर,( ओम एक्सप्रेस)। देशनोक में राजस्थान फाउण्डेशन की ओर से उपलब्ध करवाए गए 4 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने शुक्रवार को देशनोक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी लोकेन्द्र सिंह राठौड़ को भेंट किए।

इस दौरान उच्च शिक्षामंत्री ने सीएचसी में कोरोना वैक्सीनेशन की स्थिति का जायजा लिया तथा निर्देश दिए कि वैक्सीन की एक भी डोज व्यर्थ नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र में वैक्सीन लगवाने आए व्यक्ति से बातचीत की तथा कहा कि वह दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे। शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन ही कोरोना से बचाव में सबसे बड़ी भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि कोरोना का खतरा अभी बरकरार है, इसके मद्देनजर पूर्ण सावधानी रखी जाए। कोई भी गाइडलाइन की अवहेलना नहीं करे।

देशनोक नगर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश मूंधड़ा ने कहा कि कोलायत विधानसभा क्षेत्र के विधायक तथा उच्च शिक्षा मंत्री के प्रयासों से देशनोक में चिकित्सकीय व्यवस्था सुदृढ़ीकरण के ऐतिहासिक कार्य हुए हैं तथा आधारभूत सुविधाओं में वृद्धि हुई है। देशनोक में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। यहां महाविद्यालय एवं उपतहसील खुलवाने जैसे ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने बताया कि इन्हीं के प्रयासों की बदौलत देशनोक पालिका क्षेत्र में 3 करोड़ 37 लाख रूपए की लागत से सीवर लाईन का कार्य होगा। साथ ही देशनोक कस्बे में 10 किलोमीटर सड़क निर्माण का कार्य करवाया जाएगा। आने वाले समय में आयोजित होने वाले प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत देशनोक के आमजन की मांग को देखते हुए आमजन के पट्टे बनाने के कार्य किया जाएगा। उन्होंने मंत्री भाटी से आग्रह किया कि इसमें अगर नियमों के तहत कोई अड़चन आती है तो इनमें संशोधन करवाकर पट्टे बनवाए जाएं।

मूंधड़ा ने बताया कि उप तहसील देशनोक भवन के लिए जमीन का चिह्नीकरण कर लिया गया है। मंत्री भाटी की प्रेरणा से एसएल दुग्गड़ चेरिटेबल ट्रस्ट, कोलकाता द्वारा राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय के भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ रूपए दिए जाएंगे। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक देवेन्द्र चौधरी ने बताया कि देशनोक सीएचसी में शीघ्र ही 30 ऑक्सीजन बैड तैयार होंगे। इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी मीनू वर्मा, ओम प्रकाश शर्मा, चान्द अली रंगरेज ने भी अपने विचार व्यक्त किए। एम्बूलेंस का संचालन श्री करणी मण्डल सेवा सदन देशनोक द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर सीएचसी इन्चार्ज लोकेश गुप्ता, उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रमेश गुप्ता, डॉ. लोकेश सिंह राठौड़ दीलिप बाठिया आदि मौजूद रहे।

मंत्री को भेंट किया स्केच

देशनोक में सीएचसी को एम्बुलेंस भेंट करने के लिए आयोजित कार्यक्रम के दौरान उभरते कलाकार जयकिशन सुथार ने विक्रम सिंह बीका की प्रेरणा से स्वयं के द्वारा बनाया गया उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी का स्केच मंत्री भाटी को भेंट किया। जयकिशन वर्तमान में जयपुर में रहकर बीएससी की पढ़ाई कर रहा है। मंत्री भाटी ने कला की सराहना की तथा कहा कि इसमें निखार लाने के लिए वह और अधिक मेहनत करें। सुथार ने बताया कि उसके पिता मुंबई रहते हैं।

कोलायत में भेंट की एम्बुलेंस

उच्च शिक्षा मंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, कोलायत के प्रभारी डॉ. दीवाकर को विधायक निधि कोष से उपलब्ध करवाई गई एम्बुलेंस की चाबी सौंपी। इस दौरान उन्होंने कहा कि विधायक निधि कोष से कोलायत विधानसभा क्षेत्र के सभी छह सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर एक-एक एम्बुलेंस उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि उनका यही प्रयास रहेगा कि कोलायत में ही सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं मिलें। इसमें किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि कोलायत के लिए ट्रोमा सेंटर भी स्वीकृत करवाया गया है। शीघ्र ही इसका कार्य प्रारम्भ हो जाए, इसके प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए भूमि चिह्नीकरण करने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान भाटी ने राज्य सरकार द्वारा कोलायत विधानसभा क्षेत्र के लिए उपलब्ध करवाए गए 47 आक्सीजन कंसंट्रेटर ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार वर्मा को सौंपे। उन्होंने कहा कि यह कंसंट्रेटर कोलायत के सभी राजकीय चिकित्सा संस्थानों में आवश्यकता के अनुसार पहुंचाया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सीएचसी परिसर में निर्माणाधीन ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट का अवलोकन भी किया तथा इसका कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी चाहर, उपखण्ड अधिकारी प्रदीप चाहर, तहसीलदार हरिसिंह शेखावत, विकास अधिकारी दिनेश सिंह भाटी, बिशन सिंह भाटी मियांकौर, जिला परिषद सदस्य मोहन दान, मदन चौहान, पंचायत समिति सदस्य खेमाराम, मनीष सेठिया, रूपाराम मेघवाल, राजूसिंह देवड़ा, कोटड़ी सरपंच सोहन लाल, झझू सरपंच घमूराम नायक उपस्थित रहे।

Exit mobile version