– वरिष्ठ नागरिक सेवा समिति द्वारा श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन
हर्षित सैनी
रोहतक, 30 दिसम्बर। वरिष्ठ नागरिक सेवा समिति के तत्वावधान में स्थानीय मदन लाल धींगड़ा सभागार में एक सप्ताह तक चलने वाली भागवत कथा का शुभारम्भ आज उद्योगपति एलपीएस बोसार्ड के प्रबंध निदेशक राजेश जैन के कर कमलों से हुआ। इससे पूर्व स्थानीय चिन्योट कालोनी, गांधी कैंप व पटेल नगर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई।
यह जानकारी देते हुए समिति के प्रधान सुभाष भल्ला ने बताया कि 108 महिलाओं ने कलश यात्रा में भाग लिया। इन महिलाओं ने अपने सिर पर कलश रखकर सभी को भागवत कथा सुनने का विधिवत निमंत्रण दिया। तत्पश्चात महामंडलेश्वर कपिल पुरी महाराज के पावन सान्निध्य में कथा की शुरूआत की गई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजेश जैन ने कहा कि हर मनुष्य को अच्छे कार्यों के लिए अग्रसर रहना ही सच्ची आध्यात्मिकता है। पर्यावरण की रक्षा करते हुए अपने आस-पास सफाई रखनी चाहिए ताकि यह दुनिया स्वर्ग बन सके। उन्होंने कहा कि जो मनुष्य अच्छे मन से कार्य करता है, प्रभु हमेशा उस पर अपनी मेहरबानी बनाए रखते हैं। उन्होंने सभी को पवित्र मन से श्रीमद् भागवत कथा को सुनने के लिए प्रेरित किया।
इसलिए हर मनुष्य को भागवत कथा का श्रवण जरूर करना चाहिए।
समिति प्रधान सुभाष भल्ला ने कहा कि भागवत कथा निरन्तर 5 जनवरी तक 2 से 5 बजे चलेगी। जिसमें दूर-दूर से भक्त आध्यात्मिक शुद्धि के लिए भागवत कथा का श्रवण करने पहुंचेंगे। उन्होंने सभी का आह्वान किया कि वे ज्यादा से ज्यादा ईश्वरीय वाणी को सुनकर मानव कल्याण की ओर अग्रसर हों।
इस अवसर पर मुख्य रूप से मुख्य यजमान पवन गाबा, समिति संरक्षक रामप्रकाश बत्तरा, उपाध्यक्ष मदन लाल गांधी, शिवचरण शर्मा, राजेन्द्र शर्मा, रमेश बत्तरा, जगन्नाथ, विजय कोचर, गोपाल कृष्ण, हरीश दुआ, डॉ. गोपाल कृष्ण, मुलकराज चावला, ऊषा कोचर, सुमन, सीमा शर्मा आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।