Site icon OmExpress

महिला हिंसा रोकथाम के लिए हर जिम्मेदार को करने होंगे प्रयास-मेहता

– महिला हिंसा रोकथाम पखवाडे़ का शुभारंभ
बीकानेर, 25 नवम्बर। अन्तर्राष्ट्रीय महिला हिंसा रोकथाम दिवस पर बुधवार को कलेक्टर परिसर से जिला कलक्टर नमित मेहता ने महिला हिंसा रोकथाम पखवाड़े की शुरूआत की। मेहता ने स्कूटी रैली को हरी झंडी दिखाकर पखवाड़े की औपचारिक शुरूआत की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रहलाद सिंह कृष्णिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) ए एच गौरी, अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) सुनीता चौधरी, आईसीडीएस उपनिदेशक डाॅ अनुराधा सक्सेना सहित राज्य संगठन स्काउट गाईक के सहायक आयुक्त महेन्द्र सिंह भाटी, सीओ स्काउट जसवंत सिंह राजपुरोहित, सीओ गाइड ज्योति रानी महात्मा, मंजू नागल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ करते हुए जिला कलक्टर मेहता ने कहा कि यदि किसी समाज में महिलाओं का सम्मान नहीं किया जाता तो उस समाज का कभी विकास नहीं हो सकता है। समाज के आधे हिस्से को दरकिनार कर प्रगति की कल्पना भी संभव नहीं है। मेहता ने कहा कि महिलाओं के प्रति हिंसा ना केवल कानूनन बल्कि नैतिक रूप से भी अस्वीकार्य है। महिला हिंसा को रोकने के लिए समाज के हर जिम्मेदार व्यक्ति को आगे आना होगा। स्वयं महिलाओं को भी अपने अधिकारों के प्रति अतिरिक्त सजग होने की आवश्यकता है। पुलिस अधीक्षक प्रहलाह सिंह कृष्णिया ने कहा कि महिला हिंसा रोकथाम के लिए पुलिस पूरी संवेदना के साथ सतर्क है। आॅपरेशन आवाज का उद््देश्य भी महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाते हुए समाज में बराबरी का स्थान दिलाना है।

अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) सुनीता चौधरी ने कहा कि महिलाओं की परेशानियों को कम करने के लिए और समन्वय से काम करना होगा।
आईसीडीएस उपनिदेशक डाॅ अनुराधा सक्सेना ने बताया कि महिला हिंसा रोकथाम के लिए इस पखवाड़े का शुभारम्भ किया गया है। इसके तहत 25 नवम्बर से 10 दिसम्बर तक महिलाओं के प्रति हिंसा रोकने से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि आईसीडीएस, स्काउट एवं गाइड व विशाखा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस पखवाड़े का उद्देश्य महिला हिंसा रोकथाम के प्रति जागरूकता लाना है। कलक्ट्रेट परिसर से मेडिकल काॅलेज चौराहे होते हुए महिला थाने तक स्कूटी रैली निकाली गई।

Exit mobile version