Site icon OmExpress

मुख्यमंत्री गहलोत ने दिए खाटूश्याम हादसे की जांच के आदेश


_संभागायुक्त करेंगे जांच, मृतकों को 5-5 लाख रुपए मुआवजा देगी राजस्थान सरकार

जयपुर। राजस्थान के सीकर में सोमवार सुबह खाटूश्याम मंदिर में मची भगदड़ में तीन महिलाओं की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। इसके साथ ही राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। संभागायुक्त विकास सीताराम भाले पूरे मामले की जांच करेंगे। जांच से पहले ही जिला प्रशासन ने हादसे को भगदड़ मानने से इनकार कर दिया है। सीकर के कलेक्टर अविचल चतुर्वेदी ने कहा कि प्रवेश दर्शन मार्ग का गेट खोलते समय भीड़ के दबाव के चलते यह हादसा हुआ है। गौरतलब है कि राजस्थान के सीकर में सोमवार सुबह खाटूश्याम मंदिर में भगदड़ मच गई। हादसे में 3 महिलाओं की मौत हो गई। 4 लोग घायल हुए हैं। हादसा सुबह 5 बजे तब हुआ, जब एकादशी के मौके पर दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ काफी बढ़ गई थी। देर रात से ही श्रद्धालु लाइन में लगे थे। जैसे ही सुबह मंदिर के पट खुले, भगदड़ मच गई। हादसे में मारी गई महिला शांति देवी और माया देवी हैं। माया देवी यूपी के हाथरस की रहने वाली हैं। एक महिला की पहचान अभी नहीं हो पाई है। बॉडीज को खाटूश्यामजी हॉस्पिटल की मॉर्चुरी में रखवाया गया है, जहां उनका पोस्टमार्टम होगा।

Exit mobile version