Site icon OmExpress

मोठ को न्यूनतम समर्थन मूल्य में शामिल करे:- नोखा विधायक बिश्नोई

बीकानेर । नोखा विधायक एवं जिलाध्यक्ष भाजपा बीकानेर देहात बिहारीलाल बिश्नोई ने आज दिल्ली में केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री नरेन्द्रसिंह तोमर से मुलाकात कर राजस्थान राज्य के पश्चिमी भू-भाग की मुख्य दलहन पैदावार मोठ को न्यूनतम समर्थन मूल्य में शामिल करने की मांग की । इस दौरान केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी भी उपस्थित रहे ।

विधायक बिश्नोई ने मांग करते हुए कहा कि राजस्थान राज्य के पश्चिमी जिलों बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर एवं जोधपुर में दलहन श्रेणी की फसल मोठ का उत्पादन प्रमुख रूप से होता है । हमारे देश में मोठ के उत्पादन का क्षेत्र बहुत सीमित है, किन्तु इसकी खेती करने वाले किसानों को मोठ का वाजिब दाम नहीं मिलने से शनैः शनैः इस फसल से कृषकों का मोह भंग होता जा रहा है ।
विधायक बिश्नोई ने कहा कि मोठ दलहन वर्ग की वह फसल है, जिस पर दुनिया का भुजिया उद्योग टिका है । विश्वप्रसिद्ध बीकानेरी भुजिया, पापड़ और बड़ी का लजीज स्वाद मोठ के कारण ही है, किन्तु भारत सरकार द्वारा अभी तक इसे न्यूनतम समर्थन मूल्य में शामिल करने हेतु अधिसूचित नहीं किया गया है, जिससे किसानों को मोठ की वाजिब कीमत नहीं मिल पा रही है और इससे मोठ-उत्पादक किसानों की माली हालत दिनोदिन खराब होती जा रही है ।
विधायक बिश्नोई ने केन्द्रीय मंत्री से मांग करते हुए कहा कि मोठ की फसल का मूंग के समतुल्य न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करवाये, ताकि पश्चिमी-राजस्थान की मुख्य दलहनी पैदावार मोठ का सही दाम निर्धारित हों और इसके उत्पादक-कृषकों का जीवन-स्तर बदलने में मदद मिल सकें ।

इस अवसर पर पूर्व विधायक डाॅ. विश्वनाथ मेघवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा बीकानेर देहात सहीराम दुसाद उपस्थित रहे ।

Exit mobile version