Site icon OmExpress

योग गुरु बाबा रामदेव को महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग ने भेजा नोटिस


मुंबई । योग गुरु बाबा रामदेव को महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग ने नोटिस भेजा । महाराष्ट्र की राज्य महिला आयोग ने बाबा रामदेव से महिलाओं पर उनके आपत्तिजनक बयान पर तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। महिला आयोग ने बाबा रामदेव से नोटिस में कहा कि आपकी अशोभनीय टिप्पणी के खिलाफ आयोग को एक शिकायत मिली है, जो महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाती है। शुक्रवार को ठाणे में एक कार्यक्रम में बाबा रामदेव ने कहा था, “महिलाएं साड़ियों में अच्छी लगती हैं, महिलाएं सलवार सूट में भी अच्छी लगती हैं और मेरी नजर में बिना कुछ पहने भी अच्छी लगती हैं।” इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे और लोकसभा सांसद श्रीकांत शिंदे भी मौजूद थे।
महाराष्ट्र विधान परिषद की उपसभापति नीलम गोरे ने भी बाबा रामदेव की विवादास्पद टिप्पणी की निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह महिलाओं के प्रति उनकी विकृत मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा, “बाबा रामदेव जहां योग के माध्यम से समाज को संयम और स्वास्थ्य की बात करते हैं, वहीं महिलाओं के प्रति उनका ऐसा दूषित रवैया है, यह बहुत गलत है। सभी पुरुष महिलाओं को इस नजर से नहीं देखते हैं।”

Exit mobile version