Site icon OmExpress

रंगीन रोशनी से नहाएगा लक्ष्मीनाथ मंदिर

बीकानेर, 24 अक्टूबर। दीपावली पर लक्ष्मीनाथ मंदिर में रंगीन रोशनी की सजावट की जाएगी। मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर संपूर्ण परिसर में शुक्रवार शाम तक सजावटी प्रकाश व्यवस्था हो जाएगी, जो कि अगले पाँच दिनों तक रहेगी। दीपावली पर पहली बार नगर विकास न्यास द्वारा यह व्यवस्था की जाएगी।

जिला कलक्टर एवं न्यास अध्यक्ष कुमार पाल गौतम ने कहा कि साथ ही अगले तीन दिनों तक यहाँ सार्वजनिक सफाई एवं यातायात व्यवस्था के पुख़्ता प्रबन्ध होंगे।
गुरूवार को भगवान लक्ष्मीनाथ के दर्शन करने के बाद गौतम दर्शनार्थियों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने वहाँ चल रहे निर्माण कार्यों और मंदिर के मुख्य भाग में बन रहे विष्णु भगवान के विभिन्न अवतारों के चित्रों को भी देखा। गौतम ने कहा कि मंदिर परिसर में जो वाचनालय बनाया गया है, इसमें जल्द ही टेबल-कुर्सी और पाठ्य सामग्री रखवा दी जाएगी और इसका नाम ‘‘श्रीलक्ष्मीनाथ वाचनालय’’ होगा।

गौतम ने परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों से बातचीत की। यहाँ पत्थर का काम हो रहा है। भरतपुर के रहने वाले पत्थर के कारीगरों से बातचीत में जब गौतम ने भरतपुरी शब्दों का इस्तेमाल किया और कारीगरों को पता चला कि यह जिला कलक्टर हैं, तो उन्होंने प्रसन्नचित्त होकर कलक्टर का अभिवादन किया और पत्थर पर की जा रही नक्काशी की बारीकियों के बारे में बताया।

Exit mobile version