Site icon OmExpress

राजस्थान में गर्मी ने 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ा ,पारा 45 पार

जालोर सबसे गर्म, पाकिस्तान से आ रही हवा ने झुलसाया

जयपुर।राजस्थान में मई-जून में पड़ने वाली तेज गर्मी की मार लोगों को इस बार अप्रैल के शुरुआती दिनों में ही झेलनी पड़ रही है। राज्य में गुरुवार को जालोर में सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। एक दशक में पहली बार ऐसा हुआ है जब किसी शहर में पारा 10 अप्रैल से पहले 45 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा हो। बांसवाड़ा, बाड़मेर समेत 6 शहरों में दिन का पारा 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड किया गया।

सभी शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में दिन में गर्म हवा के थपेड़े भी पड़े। जयपुर मौसम केन्द्र के सीनियर वेदर साइंटिस्ट हिमांशु शर्मा की माने तो तापमान में बढ़ोतरी के पीछे पाकिस्तान से आ रही हवाओं का डायरेक्ट राजस्थान में आना है। इन वेस्टर्न विंड में अरब सागर से किसी तरह की नमी नहीं मिल रही। ड्राई विंड होने के कारण तापमान बढ़ रहा है। 2-3 दिन में यह 1 से 2 डिग्री सेल्सियस और बढ़ सकता है। 8 अप्रैल को भी राज्य में गर्मी के तेवर ऐसे ही बने रहेंगे। कहीं-कहीं तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

10 शहरों में ऑरेंज अलर्ट, गर्मी से बचने की सलाह

जयपुर मौसम केन्द्र ने 11 अप्रैल तक प्रदेश में लू का अलर्ट जारी किया है। बाड़मेर, श्रीगंगानगर, जैसलमेर के अलावा बांसवाड़ा, बारां, डूंगरपुर, सवाई माधोपुर, टोंक, झुंझुनूं, बूंदी और कोटा में लू चलने की चेतावनी जारी करते हुए इन शहरों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम की इस कंडीशन को देखते हुए मौसम विभाग ने हेल्थ एक्सपर्ट के हवाले से इन जिलों के लिए लोगों को विशेष बचाव करने के लिए कहा है। गर्मी और डिहाइड्रेशन से बचने के लिए लगातार समय-समय पर पानी, छाछ, शिकंजी पीने व दिन में घर में रहने की सलाह दी है।

प्रमुख शहरों का आज का तापमान

शहर अधिकतम (7 अप्रैल) न्यूनतम
अजमेर 41.4 21.9
भीलवाड़ा 40.9 18.8
अलवर 42 17.2
जयपुर 40.9 23.8
पिलानी 43.3 20.1
सीकर 40 17.5
कोटा 42.3 23.3
चित्तौड़गढ़ 42 17
उदयपुर 40.6 20.4
बाड़मेर 44.9 27
जैसलमेर 44.4 26.3
जोधपुर 43.4 22.6
बीकानेर 44 23.7
चूरू 43.2 18.5
श्रीगंगानगर 44.3 21.4
धौलपुर 43.2 20.5
नागौर 43.4 19.9
टोंक 43.4 22.6
फलौदी 44.8 28.6
बूंदी 42.3 23.9
बारां 43.4 17
डूंगरपुर 43.4 21.8
हनुमानगढ़ 43.4 16.9
जालोर 45.2 23.5
सिरोही 43 26.5
करौली 43.8 17.4
बांसवाड़ा 44.4 27.2

Exit mobile version