Site icon OmExpress

राजस्थान में पहली से पांचवी के स्कूल खोलने की तैयारी: सरकार की मंजूरी के बाद ऑफलाइन शुरू होगी पढ़ाई,

यूपी समेत कई राज्यों में खुले स्कूल

जयपुर।राजस्थान में पहली से पांचवीं तक के स्कूल फिर से खोलने की तैयारी शुरू हो गई है। उम्मीद की जा रही है कि राज्य सरकार की अगली गाइडलाइन में इन स्कूलों को भी खोल दिया जाएगा। दरअसल, प्रदेश में पॉजीटिविटी रेट 7 प्रतिशत से नीचे आ गई है। बारह जिलों में तो 5% से भी कम है। ऐसे में शिक्षा विभाग इन जिलों में पढ़ाई ऑफलाइन शुरू करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर रहा है।

राजस्थान के अलावा कई राज्यों में पहली से बारहवीं तक के स्कूल ओपन हो गए हैं। इन स्कूल में पढ़ाई पूरी तरह शुरू होने के बाद भी बच्चों में कोविड केस बहुत ज्यादा देखने को नहीं मिल रहे हैं। इसी को आधार बनाकर राजस्थान भी कदम बढ़ाना चाहता है। उत्तरप्रदेश में भी पहली से बारहवीं तक के स्कूल ओपन हो गए हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र, पुदुचेरी, तमिलनाडु, झारखंड, पंजाब, बिहार में भी स्कूल पूरी तरह खुल गए हैं। शिक्षा विभाग ने इन राज्यों का जिक्र करते हुए स्कूल खोलने का प्रस्ताव तैयार करना शुरू किया है।

होम व हेल्थ डिपार्टमेंट तय करेंगे
दरअसल, स्कूल फिर से खोलने के लिए बनने वाली गाइडलाइन में हेल्थ व होम डिपार्टमेंट की सिफारिश ज्यादा महत्व रखती है। ऐसे में इन दोनों विभागों को हालात से रूबरू करवाने के लिए शिक्षा विभाग अन्य राज्यों का हवाला देकर स्कूल खोलने की मांग रख रहा है।

इन जिलों में पांच से कम पॉजिटिव रेट
प्रदेशभर में कोरोना रोगियों की संख्या कम हो रही है। अधिकांश में 10% से कम है। बारह जिलों में तो शुक्रवार को संक्रमण दर 5% से कम रही। जिसमें बाड़मेर, कोटा, बारां, बूंदी, पाली, करौली, भीलवाड़ा, अलवर, सवाई माधोपुर, दौसा, धौलपुर, जालौर शामिल हैं।

स्कूल बंद, एग्जाम फार्म भरने शुरू
राज्य में पांचवीं तक के स्कूल तो बंद है, लेकिन पांचवीं बोर्ड के ऑनलाइन फार्म भरने का सिलसिला 10 फरवरी से शुरू हो गया। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही स्कूल खोलकर बच्चों को आने की अनुमति दी जाएगी। दरअसल, फार्म भरवाकर शिक्षा विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि जल्दी ही परीक्षा भी होगी। ऐसे में बच्चों को स्कूल तो आना ही है।

Exit mobile version