जयपुर।राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। अपनी पहली सूची में पार्टी ने 33 प्रत्याशियों का ऐलान किया है। कांग्रेस ने सरदारपुरा से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, टोंक से सचिन पायलट और नाथद्वारा से विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी को टिकट दिया है। अभी भी यह तीनों इन्हीं सीटों से विधायक हैं।

बड़ी बात यह है कि कांग्रेस की पहली लिस्ट में प्रत्याशियों के चयन में कोई खास बदलाव नहीं किया गया है। राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा अपनी ही सीट लक्ष्मणगढ़ से चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा ओसियां से दिव्या मदेरणा, हिंडोली से अशोक चांदना, सवाई माधोपुर से दानिश अबरार, जोधपुर से मनीषा पंवार और सादुलपुर से कृष्णा पूनिया को टिकट मिली है।

-पायलट गुट के 4 नेताओं को टिकट

33 प्रत्याशियों की लिस्ट में 32 नाम पुराने ही हैं। इस बार मुंडावर से ललित यादव का नाम जुड़ा है, जो पिछली बार बीएसपी से चुनाव लड़े थे। कांग्रेस की पहली लिस्ट में सचिन पायलट गुट के चार नेताओं को टिकट मिला है। इनमें विराटनगर से इंद्राज सिंह गुर्जर, लाडनूं सीट से मुकेश भाकर, परबतसर सीट से रामनिवास गावड़िया और नोहर सीट से अमित चाचन को टिकट मिला है।

You missed