” टीम राजे में किसान मोर्चा में नई नियुक्तियां ”
नई दिल्ली,(दिनेश”अधिकारी”)। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी में अंदरूनी गुटबाजी की एक तस्वीरें उभरने लगी है। राजनीतिक विश्लेषक कहते है कि बीजेपी की एकजुटता पर सवाल उठ रहे हैं। वसुंधरा राजे खेमे के नेताओं ने पहले वसुंधरा जन रसोई चलाई थी, वहीं अब बीजेपी के गढ़ कहे जाने वाले हाड़ौती में टीम वसुंधरा राजे किसान मोर्चा के तहत संभाग प्रभारी नियुक्त कर जिला अध्यक्षों की नियुक्ति और समय-समय पर कार्यकारिणी का विस्तार करने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल भाजपा प्रदेश मुख्यालय से वसुंधरा राजे का फोटो पोस्टर से हटने के बाद से राजे समर्थक तेजी से सक्रिय हैं। वे राजे को पोस्टर में दरकिनार करने का संगठन को जवाब दे रहे हैं। वसुंधरा जन रसोई के बाद अब टीम वसुंधरा राजे के प्रदेश संयोजक गौरव जीनगर और किसान मोर्चा राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी की सहमति व निर्देश के अनुसार प्रदेश में संगठन विस्तार के लिए टीम वसुंधरा राजे किसान मोर्चा का गठन किया गया है। कोटा संभाग का प्रभारी राजेंद्र सिंह हाडा को बनाया गया है, इस नियुक्ति पत्र में भीखाराम बिश्नोई को जोधपुर संभाग का प्रभारी बनाए जाने का भी जिक्र किया गया है। यह दोनों पदाधिकारी टीम वसुंधरा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री और प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं। राजनीतिक पंड़ित कहते है कि राजस्थान में वंसुधरा राजे के समर्थक जिस तरह से सक्रिय है और जो प्रतिक्रियाए दे रहे है उसके परिणाम तो भविष्य में सामने आयेंगे।