Site icon OmExpress

राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान , कांग्रेसी नेताओं को मिली जिम्मेदारी

जयपुर ।राजस्थान में राज्यसभा चुनाव (Rajasthan rajya sabha election) की चार सीटों के लिए आज मतदान होने जा रहा है. मतदाने के लिए 7 दिन की बाड़ेबंदी के बाद कांग्रेस (Congress) और समर्थित विधायकों का दल गुरुवार को उदयपुर से जयपुर पहुंच गया है. चार सीटों पर यहां पांच उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. कांग्रेस की दो और भाजपा (B J P) की एक सीट पर जीत पक्की दिख रही है. सारा घमासान चौथी सीट का है. राज्यसभा के लिए मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा. उसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और उसके बाद चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे. राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश के कांग्रेसी नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है. महेश जोशी, महेंद्र चौधरी और बीडी कल्ला चुनाव अभिकर्ता के रूप में बैठेंगे और वहीं ममता भूपेश, रामलाल जाट और भजन लाल जाटव चुनाव एजेंट के रूप में बैठेंगे. इससे पहले गुरुवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत उदयपुर से इंडिगो के बड़े चार्टर विमान से विधायकों के साथ जयपुर पहुंचे. विमान से कुल 149 लोग जयपुर पहुंचे. जयपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि हमारे सभी विधायक और निर्दलीय विधायक एकजुट हैं. हम आसानी से तीनों सीटों पर जीत हासिल करेंगे. भाजपा वाले घबरा गए हैं. इनके ईडी में जाने का क्या तुक है. कल तो चुनाव है और यह लोग हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में जा रहे हैं. भाजपा ने ही बाड़ेबंदी की परंपरा पूर्व सीएम स्वर्गीय भैरो सिंह शेखावत के समय शुरू की थी और उसी वजह से बाड़ेबंदी अब तक चल रही है. लेकिन अब हम प्रयास करेंगे कि आगे ऐसी नौबत नहीं आए. खाचरियावास ने भी तीनों प्रत्याशियों की जीत का दावा किया: एयरपोर्ट पर मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने भी तीनों प्रत्याशियों की जीत का दावा किया. इस मौके पर विधायक गिर्राज मलिंगा और वाजिब अली ने कहा कि उनकी जो नाराजगी थी, उनकी जो शिकायतें थी, उन सभी शिकायतों पर सरकार काम कर रही है. वहीं मंत्री सुभाष गर्ग ने दावा किया कि भाजपा के विधायक भी क्रॉस वोटिंग करेंगे. हमें 126 से ज्यादा वोट मिलेंगे. फिलहाल भाजपा के पास सात और कांग्रेस के तीन सांसद: आपको बता दें कि राजस्थान से राज्यसभा की चार सीट के लिए शुक्रवार को मतदान होगा और लगभग सप्ताह भर से जारी आरोपों, उम्मीदों व अटकलों के दौर का पटाक्षेप हो जाएगा. उल्लेखनीय है कि राजस्थान से राज्यसभा की 10 सीट हैं और फिलहाल भाजपा के पास सात और कांग्रेस के तीन सांसद हैं. भाजपा के ओमप्रकाश माथुर, केजे अल्फोंस, रामकुमार वर्मा और हर्षवर्धन सिंह डूंगरपुर का कार्यकाल चार जुलाई को पूरा हो रहा है. भाजपा के अन्य तीन राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल, भूपेंद्र यादव (केंद्रीय मंत्री) और राजेंद्र गहलोत हैं. राजस्थान से कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सदस्यों में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, संगठन के प्रभारी महासचिव के सी वेणुगोपाल और नीरज डांगी हैं।

Exit mobile version