-मतदान जागरूकता विषय पर कवियों ने सुनाई एक से बढ़कर एक रचनाएँ

-राष्ट्रीय कवि चौपाल में हुआ कवियों का सम्मान, लिया मतदान करने व करवाने का संकल्प

दौसा। राष्ट्रीय कवि चौपाल, दौसा की 51 वीं काव्य-गोष्ठी का
आयोजन योग भवन, सैंथल रोड,अयोध्या नगर, दौसा में आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत मां शारदे के समक्ष माल्यार्पण कर की गयी। कार्यक्रम में मुख्यअतिथि वरिष्ठ अध्यापक मानसिंह मीना रहें। कार्यक्रम की अध्यक्षता अध्यापक एवं योग शिक्षक अशोक सैनी द्वारा की गयी। संस्था के पदाधिकारियों द्वारा अतिथियों का अभिनंदन पत्र एवं स्वर्ण पदक भेंटकर किया गया। राष्ट्रीय कवि चौपाल की 51 वीं काव्य गोष्ठी का मुख्य विषय मतदान जागरूकता रखा गया । सभी कवियों ने मतदान पर एक से बढ़कर एक कविताऐं एवं गीत प्रस्तुत किये। साथ ही आगामी 25 नवंबर को मतदान करने व करवाने का संकल्प भी लिया।
काव्य गोष्ठी में साहित्यिक योगदान के फल स्वरुप दौसा के नवोदित कवि शिवकुमार गुप्ता को राष्ट्रीय कवि चौपाल सम्मान, स्वर्ण पदक एवं माल्यार्पण भेंटकर सम्मानित किया गया।
काव्य गोष्ठी का शुभारम्भ प्रधानाचार्य बृजमोहन मीना ने सरस्वती वन्दना द्वारा किया एवं गोरडी जोड़ा सूं चाला करबा मतदान….गीत प्रस्तुत कर मतदान जागरूकता का संदेश दिया। संस्था के जिलाध्यक्ष कवि कृष्ण कुमार सैनी ने नाम सूची में लो जुडा, मत देने तैयार, उम्र अठारह पार कर, ले लो यह अधिकार……रचना प्रस्तुत की। सचिव दिनेश तूफानी ने होगा राष्ट्रीय उत्थान, करो तुम मतदान….. कविता प्रस्तुत कर मतदान की महिमा बताई। शिव कुमार गुप्ता ने सबसे पहले मतदान करो…. कविता के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया। अनिल गुर्जर ने लोकतंत्र को मजबूत बनाता हूं मत का अधिकार……, नरेश रतन चौहान ने “है लोकतंत्र की शान, इसे पहचान, तू कर मतदान……., मुकेश कुमार शर्मा ने “मत का है हक सभी को, इसका दान कीजिए….., धर्मेंद्र कुमार धर्मी ने घर-घर वोट देने का चाव छाया है……, हिमांशु चंड्डा ने नारों से नहीं होते गुजारे नेताजी….. रचना प्रस्तुत कर मतदान का संदेश दिया । लालसोट के अनुराग प्रेमी, मलारना के बुद्धि प्रकाश महावर मन, विश्राम मीना, ओम प्रकाश शर्मा, कमलेश चाँदा ने भी अपनी रचनाओं से सभी को लाभान्वित किया। कार्यक्रम के अंत में जिला समन्वयक स्वीप अभियान एवं जल पुनर्बलन कार्यक्रम के मुख्य सूत्रधार महेश आचार्य ने मतदान जागरूकता को लेकर सभी कवियों को शपथ दिलवायी। वरिष्ठ साहित्यकार रामबाबू शर्मा राजस्थानी ने मंच संचालन करते हुए मतदान पर स्लोगन भी प्रस्तुत किये। सचिव दिनेश तूफानी ने सभी पधारे हुए साहित्यकारों का हार्दिक आभार प्रकट दिया। जिलाध्यक्ष कवि कृष्ण कुमार सैनी ने सभी का धन्यवाद प्रकट किया।