Site icon OmExpress

राहुल गांधी ने किए लोक देवता तेजाजी महाराज के दर्शन

– पूजा-अर्चना कर ली मंदिर के इतिहास और पौराणिक महत्व के बारे में जानकारी

अजमेर:(राज.)।कांग्रेस (Congress) के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने आज प्रदेश दौरे के दूसरे दिन सुरसरा में लोकदेवता तेजाजी महाराज के मंदिर में दर्शन कर पूजा अर्चना की. इस दौरान मंदिर की तरफ से राहुल गांधी को प्रतीक चिन्ह दिए गए. साथ ही मंदिर के पदाधिकारियों ने राहुल और सीएम गहलोत को तेजाजी महाराज की तस्वीर भी भेंट की. राहुल ने पुजारी से मंदिर के इतिहास और पौराणिक महत्व के बारे में भी जानकारी ली. उसके बाद यहां से रूपनगढ़ में ट्रैक्टर रैली के लिए रवाना हो गए।

– राजीव गांधी के पुत्र का गहलोत के पुत्र ने किया स्वागत:
वहीं इससे पहले किशनगढ़ एयरपोर्ट पर राजीव गांधी के पुत्र का गहलोत के पुत्र ने शानदार स्वागत किया. राहुल गांधी का जोधपुर कांग्रेस की ओर से वैभव गहलोत ने सूत की माला पहनाकर अभिवादन किया. बता दें कि वैभव के पिता अशोक गहलोत राजीव गांधी के निकट रहे थे. राजीव गांधी ने ही अशोक गहलोत को प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया था. इसके बाद मकराना चौराहे पर राहुल गांधी का अभूतपूर्व स्वागत किया गया. इस दौरान राहुल गांधी ने भारत माता की जय के नारे लगाए. साथ ही केंद्र सरकार की नीति को कोसते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जम कर आड़े हाथों लिया. यहां किसानों का प्रतीक हल देकर राहुल का स्वागत किया गया.

– राहुल गांधी का मंच 4 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से बना हुआ:
अब रूपनगढ़ में राहुल गांधी की बड़ी सभा हो रही है. यहां राहुल का मंच 4 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से बना हुआ है. इसके साथ ही 10-15 हजार किसान भी करीब एक हजार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में बैठ कर राहुल गांधी का भाषण सुन रहे हैं. इसके बाद राहुल गांधी रूपनगढ़ से मकराना के लिए सड़क मार्ग से रवाना होंगे. वहां भी राहुल किसान महापंचायत को संबोधित करेंगे.

– पहले दिन पीलीबंगा, गोलूवाला और पदमपुर में की सभाएं:
बता दें कि दो दिवसीय प्रदेश दौरे पर आए राहुल गांधी ने पहले दिन हनुमानगढ के पीलीबंगा, गोलूवाला और श्रीगंगानगर के पदमपुर में किसानों की सभा को संबोधित किया. इस दौरान राहुल केंद्र की मोदी सरकार पर कृषि कानूनों को लेकर जमकर हमलावर रहे. सभा के बाद के बाद राहुल ने श्रीगंगानगर में रात्रि विश्राम किया.

Exit mobile version