Site icon OmExpress

रुस से आ रहे 1250 ऑक्सीजन कन्सेन्ट्रेटर में से 100 कन्सेन्ट्रटर की पहली खेप जयपुर पहुंची

– विदेशों से उच्चस्तरीय समिति द्वारा समन्वय जारी

जयपुर, 8 मई। (दिनेश शर्मा “अधिकारी”)। विदेशों से मंगाए जा रहे ऑक्सीजन कन्सेन्ट्रेटर की पहली खेप के रुप में रुस से 100 ऑक्सीजन कन्सेन्ट्रेटर जयपुर पहुंच गए हैं। रुस से 1250 ऑक्सीजन कन्सेन्ट्रेटर मंगाए जा रहे हैं जिसमें से शेष ऑक्सीजन कन्सेन्ट्रेटर 9,14 और 16 मई को रुस से आने वाली फ्लाइट से आ जाएंगे। चीन से भी इसी माह ऑक्सीजन कन्सेन्ट्रेटर की खेप जयपुर पहुंच रही है।

विदेशों से ऑक्सीजन कन्सेन्ट्रेटर आने शुरु होने के साथ ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की पहल रंग लाने लगी है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डा. रघु शर्मा ने शुक्रवार को ही रुस से 100 ऑक्सीजन कन्सेन्ट्रेटर की पहली खेप जयपुर पहुंचने के संकेत दे दिए थे।

कोरोना महामारी की दूसरी लहर के चलते चिकित्सालयों में आक्सीजन सिलेण्डरों की देशव्यापी कमी के बावजूद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रोएक्टिव कदम उठाते हुए विदेशों से सीधे संपर्क साध कर ऑक्सीजन कन्सेन्ट्रेटर मंगाने के निर्देश दिए। इसके लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दूरगामी निर्णय करते हुए 30 अप्रेल को अतिरिक्त मुख्य सचिव माइंस एवं पेट्रोलियम डा. सुबोध अग्रवाल की अध्यक्षता में प्रीतम वी. यशवंत और टीना ढ़ाबी की समिति गठित की।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के दिशा निर्देशों व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डा. रघु शर्मा के निर्देशन में विदेशों से ऑक्सीजन कन्सेन्ट्रेटर मंगाने के प्रयासों से करीब एक सप्ताह में ही रुस से पहली खेप के रुप में 100 ऑक्सीजन कन्सेन्ट्रेटर जयपुर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को प्राप्त हो गए हैं।

एसीएस माइंस डा. सुबोध अग्रवाल ने बताया कि चीन से 6900 ऑक्सीजन कन्सेन्ट्रेटर 15 से 25 मई के बीच प्राप्त हो जाएंगे। इस तरह रुस और चीन से ही 8150 ऑक्सीजन कन्सेन्ट्रेटर 25 मई तक जयपुर आ जाएंगे। रूस में भारत के एंबेसेडर श्री डीबी वेंकटेश वर्मा और फर्स्ट सेकेट्री ट्रेड श्री असीम वोहरा के सहयोग व समन्वय से रुस से 1250 ऑक्सीजन कन्सेन्ट्रेटर तत्काल प्राप्त हो सके हैं। अन्य देशों व स्रोतों से भी ऑक्सीजन कन्सेन्ट्रेटर के लिए संपर्क व समन्वय बनाया गया है और वहां से भी जल्दी ही ऑक्सीजन कन्सेन्ट्रेटर पहुंचने शुरु होने वाले हैं।

Exit mobile version