Site icon OmExpress

रोटरी चाणक्या के सौजन्य से किन्नर समाज के बीच कंबल का वितरण

रिपोर्ट – अनमोल कुमार

मानवता की सेवा के लिये रोटरी चाणक्या कृत संकल्पित : अर्चना जैन
किन्नर समाज भी समाज के अंग, उनकी जरूरत पूरी करना हमारा कर्तव्य : डा. नम्रता आनंद
पटना, 10 जनवरी सामाजिक संगठन रोटरी चाणक्या के सौजन्य से आज किन्नर समाज के लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया।
बिहार में कई दिनों से तापमान में आ रही लगातार गिरावट के कारण ठंड पड़ने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। रोटरी चाणक्या के सौजन्य से कई दिनों से जन-कल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में कल राजधानी पटना के तीन जरूरतमंद लोगों के बीच ठेला का वितरण किया गया था। रोटरी चाणक्या ने आज मीठापुर पटना के किन्नर समाज के 55 लोगों को कंबल दिया। किन्नरों को कोरोना से बचने को लेकर जागरूक किया गया। उन्हें मास्क और सेनीटाइजर दिया गया।
इस अवसर पर रोटरी चाणक्या की अध्यक्ष डॉ अर्चना जैन ने बताया की समाज के तीसरे जेंडर को कोरोना काल में बहुत सारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए रोटरी के सदस्यों ने मिलकर यह निर्णय लिया कि हम सभी किन्नरों के बीच कंबल का वितरण करें। उन्होंने कहा कि हर सामर्थ्‍यवान लेगों को इस दिशा में आगे आने की जरूरत है। यदि अन्‍य लोग मानवता की सेवा के लिए आगे आए तो गरीब और जरूरतमंद लोगों का दुख कम होगा।
इस कार्यक्रम की संयोजक रोटेरियन डॉ नम्रता आनंद ने बताया कि किन्नर समाज ऐसा वर्ग है जो सदियों से उपेक्षित रहा है। यह भी हमारे समाज के ही अंग हैं, इन्हें भी सम्मान से जीने का अधिकार है।इसलिए इनकी जरूरतों को पूरा करना भी हमारा कर्तव्य बनता है। उन्होंने कहा कि असहाय परिवार जो ठंड में गर्म कपड़े के लिए परेशान हैं उनको चिह्नित कर मदद करने की आवश्यकता है।
कंबल वितरण के मौक़े पर डॉ अर्चना जैन, डॉ ईशान जैन, अभिषेक अपूर्व, संदीप चौधरी, डॉ नम्रता आनंद समेत कई रोटेरियन मौजूद थे।

Exit mobile version