Site icon OmExpress

रोल नंबर आधार पर ऑड-ईवन फॉर्मूले से प्राइमरी स्कूल भी खुलेंगे आज से

जयपुर,(दिनेश”अधिकारी”)। राजस्थान में कोरोना संक्रमण का असर कम होने के साथ ही अब प्राइमरी स्कूल सोमवार से शुरू होने जा रहे हैं। सरकार के आदेश पर पहली से 5 वीं तक के बच्चे लंबे अंतराल के बाद फिर से स्कूल में बैठकर पढ़ सकेंगे। बच्चों को उनके रोल नंबर के आधार पर ऑड-ईवन फॉर्मूले के आधार पर बुलाया जाएगा। फिलहाल 40 फीसदी छात्रों को ही हर दिन क्लास में बुलाया जाएगा। हर दिन अलग बैच के बच्चों को पढ़ाया जाएगा। फिलहाल छात्रों का स्कूल आना अनिवार्य नहीं किया गया है। ऐसे में छात्र घर बैठकर भी ऑनलाइन शिक्षा ले सकेंगे। जो छात्र स्कूल आ रहे हैं, वह बिना यूनिफार्म में आ सकेंगे। स्कूलों में फ़िलहाल कोरोना के मद्देनजर कैंटीन और कैफेटेरिया को बंद रखा गया है। इस दौरान जयपुर के स्कूलों में छात्रों से ही पानी की बोतल और भोजन लाने की अपील की गई है। ताकि बेवजह छात्र क्लास रूम से बाहर न निकलें। बच्चों के लंच टाइम भी अलग-अलग कर दिए गए हैं। इसमें क्लास टीचर भी बच्चों के साथ क्लास रूम में बैठकर ही लंच लेंगे। सरकार की गाइडलाइन के अनुरूप दो पारी में स्कूल खोलने की तैयारी है। इसके तहत सभी स्टाफ को वैक्सीन की पहली डोज भी लग चुकी है। स्कूल में भी बच्चों को कोरोना एप्रोप्रियेट बिहेवियर सिखाया जाएगा, ताकि भविष्य में बच्चे संक्रमण के खतरे से बच सकें। फिलहाल बच्चों के लिए ट्रांसपोर्ट फैसिलिटी शुरू नहीं की गई है। पैरेंट्स को ही बच्चों को स्कूल छोड़ने जाना पड़ेगा।

Exit mobile version