Site icon OmExpress

रोहतक में 2 युवाओं की हत्या कर मोटरसाइकिल के साथ शव जलाने की दिल दहलाने वाली घटना

-:रोहतक में नहर के पास मिले दो जले शव, जीन्द के थे रहने वाले
-:जीन्द जिले के गांव हथवाला के हैं दोनों युवक सोनू और संदीप
-:वारदात स्थल के पास शराब की बोतलें बरामद
-:दिहाड़ी मजदूरी का काम करते थे दोनों युवक
-:घटनास्थल के पास जली हुई बाइक भी बरामद
अनूप कुमार सैनी
रोहतक, 25 जून। रोहतक में 2 युवकों की हत्या कर मोटरसाइकिल सहित शव जलाने का दिल दहलाने का मामला सामने आया है। वारदात स्थल के पास शराब की बोतलें भी बरामद हुई है। रोहतक, सोनीपत और जींद जिलों की सीमा पर जींद के हथवाला व रोहतक के नांदल गांव के बीच नहर के किनारे जली हुई मोटरसाइकिल के साथ ही उनका जला हुआ शव मिला है। जले शव मिलने की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु पीजीआई रोहतक भेज दिया है।
मरने वालों की शनाख्त गांव हथवाला जिला जींद निवासी 28 वर्षीय सोनू उर्फ शशि और 24 वर्षीय संदीप के रूप में हुई। पुलिस ने इस संबंध में संदीप के पिता की शिकायत पर गांव हथवाला के ही 6 लोगों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। घटनास्थल रोहतक जिले में होने के कारण मामले की जांच वहां के लाखनमाजरा थाने की पुलिस कर रही है।

वीरवार सुबह ग्रामीणों ने नहर के पास दो जले हुए शव देखे। पास ही एक बाइक भी जली हुई थी। इसमें एक शव पूरी तरह से जल चुका था और उसकी टांग बची थी। वहीं दूसरा शव आधा जला हुआ था। शव के साथ ही बाइक जली मिली। घटनास्थल के पास शराब की बोतलें भी मिली हैं। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलने के बाद लाखनमाजरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई रोहतक भेज दिया। पुलिस की एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
संदीप के पिता राजेश ने गांव हथवाला के ही रहने वाले खंडू, सुरजीत, प्रदीप, मोनू, मोनू और तोला पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन्होंने ही दोनों की हत्या की है। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम को सोनू और संदीप घूमने के लिए मोटरसाइकिल लेकर निकले थे। एक वर्ष पहले उपरोक्त लोगों ने दोनों पर हमला किया था। उन्होंने ही दोनों की हत्या की है। पुलिस ने राजेश की शिकायत पर खंडू, सुरजीत, प्रदीप, मोनू, मोनू व तोला के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सोनू उर्फ शशि राज मिस्त्री का काम करता था। संदीप उसके साथ मजदूरी करता था। ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार शाम को बाइक पर सवार होकर दोनों गांव से निकलते थे। इसके बाद सुबह उनके शव जले हुए मिले। घटनास्थल के पास शराब की बोतलें बिखरी पड़ी थीं, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि पहले घटनास्थल पर शराब पी गई है, उसके बाद हत्या को अंजाम दिया गया है।
सोनू के पिता की मौत बीमारी के चलते 16 वर्ष पहले हो गई थी। पिता के निधन के बाद सोनू ने राज मिस्त्री का काम करना शुरू कर दिया था। 3 से 4 साल पहले उसकी मां की भी मौत हो गई थी। अब उसके घर में वह और उसका छोटा भाई बचा था। सोनू हथवाला व इसके आसपास के गांवों में राज मिस्त्री का काम करता था। संदीप मजदूरी कर अपने माता-पिता, भाई व एक बहन का पेट पालता था।
दो युवकों के शव जली हालात में मिले-थाना प्रभारी
लाखनमाजरा के थाना प्रभारी राजू सिंधू ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। दो युवकों के शव जली हालात में मिले हैं। पास में बाइक भी जली मिली है। पुलिस और एफएसएल की टीमों ने मौके पर जाकर जांच की है। 6 लोगों पर हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जल्द ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version