

नई दिल्ली,(दिनेश शर्मा “अधिकारी”)। : वीरवार दोपहर लुधियाना जिला अदालत परिसर में हुए जोरदार ब्लास्ट की आवाज पूरे पंजाब में गूंज रही है| ब्लास्ट की इस घटना को लेकर एक बड़े लेवल पर जांच लगातार जारी है। पता लगाया जा रहा है कि ब्लास्ट कैसे किस स्थिति में हुआ। इधर, इसी बीच सूत्रों के हवाले से एक बड़ी खबर यह भी सामने आ रही है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस पूरी घटना का संज्ञान लिया है और ब्लास्ट पर एक पूरी रिपोर्ट पंजाब सरकार से मांगी है ।
ब्लास्ट में एक की मौत,चार घायल….. जानकारी के अनुसार, लुधियाना जिला अदालत परिसर में हुए इस जोरदार ब्लास्ट में एक की मौत हुई है जिसका शव बरामद कर लिया गया है।इसके साथ ही घटना में चार लोग घायल हुए हैं। जिन्हें तत्काल अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया।जहां अस्पताल में इनका इलाज चल रहा है और इनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जाती है। वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और गृह मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने अस्पताल में भर्ती इन घायल लोगों से मुलाकात की है।


– ब्लास्ट के बाद हाई अलर्ट पर है राज्य: डी जी पी
पंजाब में इस वक्त एक चिंताजनक हलचल की स्थिति बनी हुई है।कारण है वीरवार दोपहर को लुधियाना जिला अदालत का ब्लास्ट से दहल जाना। इस ब्लास्ट में एक की मौत के साथ चार लोग घायल हुए हैं| जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। वहीं, इस ब्लास्ट पर बड़े लेवल पर जांच खोल दी गई है। घटना की गहनता से जांच-पड़ताल की जा रही है, इसके साथ ही पूरे पंजाब में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और पंजाब के डीजीपी सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय पंजाब की जनता से सावधान रहने की अपील कर रहे हैं।
पंजाब के डीजीपी सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय का बयान ….घटना पर बयान देते हुए पंजाब के डीजीपी सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय ने कहा कि घटना में अभी हम किसी चीज पर टिप्पणी नहीं कर सकते। एक पूरी गहन जांच के बाद सब साफ़ हो पायेगा| कई टीमें इस घटना की जांच में लगी हुई हैं| डीजीपी सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय का कहना है कि पंजाब में हाई अलर्ट के साथ भीड़-भाड़ वाली जगहों पर ज्यादा निगरानी की जा रही है।जनता सावधान रहे।
पंजाब के गृह मंत्री का बयान ….इधर, पंजाब के गृह मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा खुद घटना की जांच में अपनी सक्रियता दिखा रहे हैं| रंधावा का कहना है कि पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है, इसलिए हम बाहरी ताकतों की संभावना सहित किसी भी चीज़ से इंकार नहीं कर सकते, क्योंकि वे कभी नहीं चाहते कि पंजाब स्थिर रहे; पूरा राज्य हाई अलर्ट पर है। रंधावा ने बताया कि ब्लास्ट में 1 व्यक्ति की मौत हुई होने के साथ जो चार लोग घायल हुए हैं उनमें एक एडवोकेट, एक पुलिसकर्मी और 2 महिलाएं हैं। रंधावा ने अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की है।
सीएम चरणजीत सिंह चन्नी का बयान …वहीं, सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने भी घटना का जायजा लेते हुए अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना है। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है| सरकार अलर्ट पर है। हमें लगता है कि आने वाले चुनाव को देखते हुए पंजाब में अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है। कुछ लोग पंजाब में अशांति फैलाना चाहते हैं। इसके पीछे कौन है, इसका बहुत जल्द खुलासा होगा। ये घटना निंदनीय है।
