Site icon OmExpress

लॉकडाउन का हवाला देकर विधानसभा अध्यक्ष ने विधायक हेमाराम के इस्तीफे पर सुनवाई से किया इनकार

जयपुर,(दिनेश शर्मा “अधिकारी”)। सचिन पायलट समर्थक विधायक हेमाराम चौधरी के इस्तीफे पर फैसला अभी नहीं होगा, यह मामला अब लंबा खिंचना तय माना जा रहा है। विधायक चौधरी दो दिन से जयपुर में हैं, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सीपी जोशी ने अभी लॉकडाउन नहीं हटने का हवाला देकर उनसे मिलने और इस्तीफे पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया है। विधानसभा सचिवालय ने इस बारे में विधायक हेमाराम को अवगत करवा दिया है। वहीं दूसरी तरफ उधर नाराज हेमाराम चौधरी को मनाने की भी कवायद जारी है।विधायक हेमाराम चौधरी ने विधानसभा सचिव से बात करके उन्हें विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी के सामने पेश होने के समय के बारे में बात की। विधानसभा सचिव ने उन्हें अभी लॉकडाउन पूरी तरह नहीं हटने का हवाला दिया। विधायक हेमाराम चौधरी ने 18 मई को डाक और ई मेल से विधानसभा अध्यक्ष डॉ. जोशी को इस्तीफा भेजा था। इसके बाद विधानसभा सचिवालय ने 24 मई को हेमाराम चौधरी को वापस चिट्ठी भेजी और उन्हें लॉकडाउन खत्म होने के सात दिन के अंदर पहले समय लेकर विधानसभा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. जोशी के सामने पेश होने की सूचना दी।

मॉडिफाइड लॉकडाउन में आवाजाही की छूट मिलते ही विधायक हेमाराम चौधरी गुरुवार को जयपुर आ गए और उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से शुक्रवार को समय मांग लिया। विधानसभा सचिवालय ने उन्हें जवाब दिया कि अभी लॉकडाउन पूरी तरह नहीं हटा है, मॉडिफाइड लॉकडाउन है। जब लॉकडाउन पूरी तरह हट जाए तब सुनवाई होगी।विधायक हेमाराम चौधरी ने कहा कि मैं तो इस्तीफा दे चुका हूं, अब विधानसभा अध्यक्ष डॉ. जोशी को फैसला करना है। मैं तो विधानसभा अध्यक्ष डॉ. जोशी के सामने पेश होने आया था, मुझे विधानसभा सचिव ने चिट्ठी भेजी थी, इसलिए उनसे संपर्क किया। विधानसभा सचिव ने कहा अभी लॉकडाउन पूरी तरह नहीं हटा है इसलिए विधानसभाअध्यक्ष सुनवाई नहीं करेंगे। जब लॉकडाउन पूरी तरह खत्म हो जाए तब अध्यक्ष मिलेंगे। विधायक हेमाराम चौधरी ने शुक्रवार को सचिन पायलट से मुलाकात के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से लंबी मुलाकात की। विधायक हेमाराम का कहना है कि सचिन पायलट और गोविंद सिंह डोटासरा दोनों ने मुझसे इस्तीफा वापस लेने का आग्रह किया। लेकिन मैं अब विवेक से ही फैसला लूंगा। डोटासरा ने कहा कि हेमाराम चौधरी से बात की है, उनसे अच्छे माहौल में बात हुई है और उनके उठाए गए मुद्दों को सुलझाया जा रहा है, कहीं कोई दिक्कत नहीं है।

Exit mobile version