

बीकानेर।वसुंधरा राजे की स्वागत तैयारियां में बीकानेर से भाजपा के तीन विधायकों में से दो बिहारी लाल विश्नोई और सिद्धि कुमारी सक्रिय रूप से लगे हुए हैं। शहर देहात के सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी आयोजन की तैयारी बैठकों में शामिल हुए हैं। माउथ पब्लिसिटी दर्शाती है कि अब भी राजे का करेज भाजपा में अंतर्विरोध से ऊपर है। पार्टी का एक धड़ा चुप है, परंतु राजे के साथ है। केंद्रीय राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल गुट अलग थलग है और चुप्पी साधे हुए है। वैसे भी मेघवाल गुट राजे और देवी सिंह भाटी के खिलाफ है। दोनों सक्रिय भाजपा विधायक भी मेघवाल से दूरी रखते हैं। भाजपा देहात अध्यक्ष का कोई खास वजूद नहीं है। उनके पास कार्यकर्ता की अपनी टीम नहीं है। शहर अध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से मैडम के स्वागत में हैं। महावीर रांका, विजय मोहन जोशी जैसे कई सक्रिय युवा चेहरे राजे के स्वागत की तैयारियों में लगे हुए हैं। सत्यप्रकाश आचार्य, मोहन सुराणा, महापौर सुशील कंवर जो अर्जुन राम मेघवाल के नजदीकी माने जाते हैं अभी राजे की यात्रा को लेकर नेपथ्य में है। वैसे भाजपा कार्यकर्ता और गुटों से दूर रहने वाले संजीदा नेताओं का कहना है राजे भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष है गुटों का क्या मतलब है ? राजे भाजपा नेता हैं उनके कार्यक्रम में हम साथ है जो भ्रम फैलाते और गुटबाजी करते हैं वे पार्टी को ही क्षति पहुंचते हैं। अभी राजनीतिक हलकों में वसुंधरा राजे की स्वागत और संवाद सभा जन जन में चर्चा का विषय बना हुआ है। राजस्थान में अगले विधानसभा चुनाव की बीकानेर में सबसे पहले राजनीतिक सरगर्मियां शुरू हुईं है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की बीकानेर में खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण सभा में उनका भाषण पूरी तरह सरकार की उपलब्धियों पर आधारित और राजनीतिक रहा। अब वसुंधरा राजे अपनी राजनीतिक धाक जमाने आ रही है। इस बीच राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल अपना संदेश दे चुके हैं। कन्हैया लाल झंवर ने बाकायदा प्रेस कान्फ्रेस बुलाकर घोषणा कर दी है कि वे बीकानेर पूर्व से चुनाव लडेंगे। वहीं श्रीकोलायत विधानसभा में भंवर सिंह भाटी ऐसे उद्घाटन और जन सम्पर्क में लगे हैं मानों चुनाव आ ही गए हैं। कांग्रेस के बाकी दो मंत्री डा कल्ला और गोविंद चौहान भी चुनाव अभियान के माफिक ही अपने क्षेत्र में लगे हैं। महाराव शेखा जी संस्थान के वेटरनरी विवि सभागार में देवी सिंह भाटी की अध्यक्षता में हुआ राजपूत समाज के प्रतिभा सम्मान समारोह से सिद्ध हो गया है कि संभाग का राजपूत समाज वापस देवी सिंह भाटी के नेतृत्व में राजे के स्वागत में खड़ा है। भाटी के जन सम्पर्क अभियान में लोगों के जुड़ाव से लगता है देवी सिंह भाटी अपने पुराने तेवर में पुन लोटने लगे हैं। क्या लगता नहीं है कि राजे का यह बीकानेर दौरा अगले विधानसभा चुनाव की निर्णायक रिहर्सल साबित हो सकेगा।