Site icon OmExpress

शातिर ठग का हाईटेक तरीका

– जेल में बंद कैदी ने थानेदार का मोबाइल हैक किया – नगरपालिका अध्यक्ष को फोन कर 7 लाख रुपए ले लिए

बिलाड़ा। राजस्थान के जोधपुर जिले में एक शातिर ठग ने जेल से नगरपालिका अध्यक्ष को 7 लाख रुपए का चूना लगा दिया। इसके लिए उसने बिलाड़ा थाने के एसएचओ (थानेदार) के फोन का इस्तेमाल किया।आरोपी अब तक देश में इस तरह की 50 से भी ज्यादा वारदातोंं को अंजाम दे चुका है।

इस आरोपी का नाम सुरेश ऊर्फ भैराराम ऊर्फ भिरिया (35)है।वह राजस्थान के पाली जिले का रहने वाला है। ठगी की एक वारदात के चलते चित्तौड़गढ़ जेल में है। उसने 27 मई को जोधपुर जिले के बिलाड़ा थाने के एसएचओ (थानेदार) मनीष देव विश्वकर्मा का मोबाइल हैक किया और उससे बिलाड़ा नगर पालिका के अध्यक्ष मनोहर सिंह को फोन लगाया।

– सुबह लिए 4 लाख, शाम को तीन लाख रुपए

फोन पर सुरेश ने मनोहर सिंह से 4 लाख रुपए मांगे। बताया कि वह कुछ दिनों बाद पैसा लौटा देगा। सुरेश की बातों में आकर मनोहर ने 4 लाख रुपए उसके भेजे हुए आदमी को दे दिए। शाम को सुरेश ने नपा अध्यक्ष को दोबारा फोन किया और इस बार 3 लाख रुपए की मांग की। उन्होंने फिर 3 लाख रुपए दे दिए।
कुछ दिन बीतने के बाद जब नगर पालिका अध्यक्ष को अपने साथ हुई ठगी का पता चला, तो उन्होंने अज्ञात के खिलाफ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जब कॉल ट्रेस किया तो सुरेश का नाम सामने आया।.

– वाॅट्सएप मैसेज कर लोगों को लेता है अपने भरोसे में

लोगों को ठगने के लिए सुरेश ऐसे मोबाइल ऐप का इस्तेमाल करता है, जिनके जरिए कॉल करने पर किसी का भी नंबर डिस्प्ले हो। उसने ज्यादातर वारदातों को इसी तरह अंजाम दिया। हर बार वह किसी बड़े अफसर के नाम और नंबर का इस्तेमाल करता। इससे लोग आसानी से उसके झांसे में आ जाते हैं।

– इंदौर विधायक को भी एसपी बनकर कर किया था फोन

सुरेश ठगी की करीब 50 वारदातों को अंजाम दे चुका है। 9 जनवरीको सुरेश ने मध्यप्रदेश के इंदौर से विधायक आकाश विजयवर्गीय को इंदौर एसपी युसूफ कुरैशी बनकर फोन किया था। उसने विजयवर्गीय से 10 लाख रुपए मांगे थे। शक होने पर आकाश विजयवर्गीय ने एसपी को फोन किया था, जिसके बाद फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ था।

Exit mobile version