Site icon OmExpress

शुष्क क्षेत्र में लो-टनल तकनीक से सब्जी उत्पादन’ विषयक चार दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

– कुलपति ने वितरित किए प्रमाण पत्र
बीकानेर, 19 फरवरी। कृषि अनुसंधान केंद्र के सुनियोजित खेती विकास केन्द्र और उद्यान विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय कृषि उच्च शिक्षा परियोजना के तहत ‘शुष्क क्षेत्र में लो-टनल तकनीक से सब्जी उत्पादन’ विषयक चार दिवसीय प्रशिक्षण शुक्रवार को सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण में एमएससी और पीएचडी के 44 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कृषि महाविद्यालय सभागार में आयोजित समापन समारोह के मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. आर. पी. सिंह थे। उन्होंने कहा कि सब्जियों, फलों और फूलों के उत्पादन में लो-टनल तकनीक बेहद प्रभावी सिद्ध हुई है। किसान इस तकनीक को अपनाकर अत्यधिक मुनाफा कमा रहे हैं। जिले के किसानों में भी इसके प्रति जागरुकता आई है। यहां के किसान लो-टनल तकनीक के माध्यम से लौकी, करेला, टिंडा, ककड़ी, खीरा और खरबूजा आदि कद्दूवर्गीय सब्जियों की खेती कर रहे हैं। कुलपति ने कहा कि फल और सब्जी उत्पादन के दृष्टिकोण से हमारा देश, दुनिया में दूसरे स्थान पर है। पिछले पांच वर्षों में बागवानी फसलों के उत्पादन में 30 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए ऐसे प्रशिक्षण बेहद लाभदायक सिद्ध होंगे।

Exit mobile version