

बीकानेर । उच्च शिक्षा मंत्री एवं श्रीकोलायत विधायक भंवर सिंह भाटी ने अपने अथक प्रयासों से अपने विधानसभा क्षेत्र में आद्योगिक विकास का एक स्वर्णिम अध्याय प्रारम्भ करवा दिया है।
गजनेर में नवीन औद्योगिक क्षेत्र का मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअल शिलान्यास- मंत्री भाटी ने बताया कि 8 अक्टूबर 2020 को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रीको द्वारा गजनेर में विकसित किए जा रहे औद्योगिक क्षेत्र विकास कार्यक्रम का वर्चुअल शिलान्यास किया है।
गजनेर औद्योगिक क्षेत्र विकास हेतु 29594.54 लाख की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति जारी- उच्च शिक्षा मंत्री भाटी ने बताया कि 416.65 हैक्ट. भूमि में विकसित किए जा रहे औद्योगिक क्षेत्र हेतु 29594.54 की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी गई है, इस सम्बंध में पर्यावरणीय स्वीकृति एवं इंदिरा गांधी नहर परियोजना विभाग द्वारा 2 क्यूसेक जल कैनाल द्वारा उपलब्ध करवाने की स्वीकृति भी जारी हो चुकी है।


5000 कार्मिको को प्रत्यक्ष एवं 2000 को अप्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध होगा तथा 1000 करोड़ रूपयो के विनियोजन की संभावना- मंत्री भाटी ने बताया कि विगत की राजनीतिक उदासीनता के परिणाम स्वरूप संसाधनो की दृष्टि से अत्यधिक समृद्ध ब्लाॅक होने के बावजूद रोजगार की दृष्टि से यह क्षेत्र पिछड़ा रहा, इससे स्थानीय लोगो को रोजगार की तलाश में पलायन करना पड़ता था किन्तु अब यहा औद्योगिक क्षेत्र का विकास होने से लगभग 1000 करोड़ रूपये का विनियोजन एवं लगभग 5000 प्रत्यक्ष एवं 2000 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर उपलब्ध होगें।
खनिज, क्ले, सिरेमिक्स, फूड प्रोसेसिंग, पशु एवं कृषि उत्पाद व्यवसाय की अपार संभावनाएं- स्थानीय विधायक होने तथा क्षेत्र की विशेषता एवं जरूरतों को समझने वाले मंत्री भाटी ने कहा श्रीकोलायत को प्रकृति ने प्रचुर प्राकृतिक सम्पदा दी है यहां के लोग मेहनती है राज्य सरकार एवं मुख्यमंत्री जी की सौगात क्षेत्र के विकास की अपार संभावनाओं के द्वार खोल रही है। यहाँ खनिज, सिरेमिक्स, खनन, कृषि एवं खाद्य उत्पादों की औद्योगिक इकाईयाँ विकसित होगी। जिससे क्षेत्र के लोगो की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा एवं जीवन स्तर सुधरेगा।


उच्च शिक्षा मंत्री भाटी ने इसे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा कोलायत के लिऐ ऐतिहासिक सौगात बताते हुऐ पूरे विधानसभा क्षेत्र के निवासियों की और से हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
