Site icon OmExpress

सतीश महाना सर्वसम्मति से चुने गए यूपी विधानसभा के अध्यक्ष

सीएम योगी ने दी बधाई, कहा-फिर से सदन की मर्यादा को आगे बढ़ाना है

अखिलेश ने बधाई देते हुए कहा-अब आपको लेफ्ट साइड में भी देखना हैलखनऊ : भाजपा के वरिष्ठ नेता और कानपुर के महाराजगंज से आठवीं बार निर्वाचित हुए सतीश महाना को मंगलवार को यूपी विधानसभा का निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया। इस मौके पर सदन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सतीश महाना को बधाई दी। सीएम योगी ने कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष मिलकर सकारात्मक सोच के साथ प्रदेश को प्रगति के पथ पर ले जायेंगे। सकारात्मकता से ही विकास संभव है और जनता के विश्वास पर भी खरे उतरना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए सत्ता और विपक्ष दोनों का साथ जरूरी है।

सीएम योगी ने सभी नवनिर्वाचित विधायकों से अपील करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास के लिए सभी को सोचना होगा। पूरे देश की जनता की निगाहें यूपी विधानसभा पर टिकी रहती हैं। हमें इसकी मर्यादा को बनाए रखना है। कोरोना काल में भी सदन चलता रहा था। एक बार फिर से इस मर्यादा को आगे बढ़ाना है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने भी विधानसभा का स्पीकर चुने जाने पर महाना को बधाई देते हुए कहा कि आपकी जिम्मेदारी बहुत बड़ी है। आप सर्वसम्मति से स्पीकर बने हैं। अभी तक आप राइट साइड में रहें हैं, लेकिन अब आपको लेफ्ट साइड में भी देखना है। अब राइट साइड वालों ने आपको छोड़ दिया है। लिहाजा अब आप लेफ्ट साइड (यानी विपक्ष) की बात सुनें। अब आपको यह देखना होगा कि सत्ता पक्ष कहीं तानाशाह न बन जाए।

Exit mobile version