Site icon OmExpress

समाजवादी पार्टी नेता व राज्यसभा सदस्य बेनी प्रसाद वर्मा का लंबी बीमारी के बाद निधन

समाजवादी पार्टी के नेता व राज्यसभा सदस्य बेनी प्रसाद वर्मा का लंबी बीमारी के बाद लखनऊ में निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे। बेनी प्रसाद वर्मा समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य थे और उनकी गिनती दिग्गज नेताओं में थी।

वह बहराइच के कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र से चार बार सांसद रह चुके थे। उन्होंने समाजवादी क्रांति दल का भी गठन किया था। बेनी प्रसाद वर्मा का लखनऊ के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। समाजवादी पार्टी ने आधिकारिक बयान जारी कर उनके निधन की जानकारी दी। उनकी मौत से सपा में शोक की लहर दौड़ गई।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी ट्वीट कर बेनी प्रसाद वर्मा को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, ‘समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा जी ‘ बेनी बाबू जी ‘ का निधन अत्यंत दुःखद! परिजनों के प्रति गहरी संवेदना। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।’

2009 में सपा छोड़ कांग्रेस में हुए थे शामिल

बेनी प्रसाद वर्मा ने 2009 में समाजवादी पार्टी से इस्तीफा देकर कांग्रेस का दामन थामा और 2009 के लोकसभा चुनाव में गोंडा से सांसद बनकर वह यूपीए-2 सरकार के दौरान इस्पात मंत्री भी रहे। 2016 में वह फिर से समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे।

बेनी प्रसाद वर्मा मुलायम सिंह यादव के करीबी और उनके संघर्ष के साथी थे

बेनी प्रसाद वर्मा मुलायम सिंह यादव के करीबी और उनके संघर्ष के साथी थे। 1996 में वह राष्ट्रीय मोर्चा-वाम मोर्चा की एचडी देवगौड़ा की सरकार में संचार मंत्री थे। इसके अलावा उन्हें संसदीय कार्य मंत्री की भी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वह यूपी में समाजवादी पार्टी की सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री भी रहे।

Exit mobile version