Site icon OmExpress

सांवरा सेठ को हथकड़ी भेंट!!

नई दिल्ली,(दिनेश”अधिकारी”)।सांवलिया सेठ के एक निराले भक्त ने शुक्रवार शाम को चांदी से बनी हथकड़ी भेंट कर दी। बताते हैं कि भक्त जेल जाने से बच गया, इसलिए अपने प्रभु को यह उपहार भेंट किया। मंडफिया स्थित श्रीसांवलियाजी मंदिर में शुक्रवार शाम को एक भक्त आया। उसने सांवलिया सेठ को चांदी से बनी 226 ग्राम की हथकड़ी भेंट की। मंदिर के भेंट कार्यालय में इस तरह का उपहार देख लोग भी चौंक गए। भक्त से पूछा तो उसने अपना नाम-पता बताने से इनकार कर दिया। उसने बस इतना कहा, मेरी मनोकामना पूरी हुई है, इसलिए यह भेंट चढ़ाने आया हूं। मंदिर मंडल के सदस्य ने यह चढ़ावा लेकर भक्त को रसीद दे दी। नियमानुसार उपरना ओढ़ाकर भक्त का स्वागत किया गया। उपहार स्वरूप हथकड़ी के चढ़ावे को लेकर तरह-तरह की चर्चाओं के बीच लोगों का कहना था कि सांवरा सेठ ने भक्त के हाथ में हथकड़ी लगने से बचा लिया, इसलिए उसने हथकड़ी भेंट की।

Exit mobile version