Site icon OmExpress

साहित्य के क्षेत्र में सराहनीय काम कर रहा है कलमकार मंच – कल्ला

– कलमकार मंच के वेब पोर्टल का लोकार्पण
– साहित्यिक आयोजनों और किताबों की मिलेगी जानकारी

जयपुर। लगभग दो वर्ष से देश के जाने-माने साहित्यकारों के सान्निध्य में राष्ट्रीयस्तर पर नए साहित्यकारों को मंच और सम्मान देने वाली देश की अग्रणीय साहित्य संस्था कलमकार मंच के नवनिर्मित वेब पोर्टल का लोकार्पण रविवार को राज्य के कला, साहित्य एवं संस्कृति मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने अपने निवास पर किया। इस अवसर पर कलमकार मंच के राष्ट्रीय संयोजक निशांत मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार ईशमधु तलवार, फिल्म निर्माता-निर्देशक गजेन्द्र एस. श्रोत्रिय, ‘किस्सागोई’ फेम साहित्यकार उमा, पोर्टल निर्माणकर्ता पंकज चोयल, अनन्त मान सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी मौजूद थे।

वेब पोर्टल का लोकार्पण करते हुए डॉ. कल्ला ने कहा कि कलमकार मंच की साहित्यिक गतिविधियों की जानकारी अखबारों के माध्यम से मिलती रहती है और जिस तरह से संस्था साहित्य के क्षेत्र में कार्य कर रही है वह सराहनीय है। इस अवसर पर ईशमधु तलवार ने डॉ. कल्ला को कलमकार मंच की साहित्य यात्रा, पुस्तक प्रकाशन योजना और कलमकार पुरस्कार की जानकारी दी। राष्ट्रीय संयोजक निशांत मिश्रा ने डॉ. कल्ला को वेब पोर्टल का अवलोकन कराते हुए बताया कि इसके जरिये देशभर में होने वाली साहित्यिक गतिविधियों, साहित्यिक किताबों की जानकारी, लेखकों के साक्षात्कार, पुस्तक चर्चा, समीक्षा आदि जानकारी साहित्य प्रेमियों तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही साहित्य प्रेमी पाठक कलमकार मंच की ओर से प्रकाशित देश के प्रमुख लेखकों की किताबें वाजिब दाम पर इस पोर्टल के माध्यम से खरीद सकेंगे।

Exit mobile version