-थाने के सभी कर्मचारियों ने की स्थान्तरण की मांग

-सीआई विष्णुदत्त बिश्नोई की आत्महत्या पर भाई ने की संदेह जाहिर ..

बीकानेर। ओम एक्सप्रेस-राजगढ़ थानेदार सीआई विष्णुदत्त बिश्नोई की आत्महत्या पर संदेह जाहिर करते हुए उनके भाई संदीप ने श्रीगंगानगर जिले के विपनपुरा थाने (तहसील रायसिंहनगर) में मुकदमा दर्ज करवाया है। संदीप ने एफआईआर में कहा कि उनके भाई की मृत्यु के समाचार उन्हें टीवी पर ही मिले। किसी पुलिस अधिकारी या महकमे द्वारा सूचना नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि जब यह खबर सुनकर राजगढ़ पहुंचे तो देखा कि विष्णुदत्त अपने क्वाटर में फांसी के फंदे से लटके हुए थे। संदीप ने सीआई विष्णुदत्त द्वारा लिखे गए दो सुसाइट नोट में तनाव का कारण दबाव बताया है। उन्होंने एफआईआर में कहा कि यह भी जानकारी में आया है कि राजगढ़ थाने के रोजनामचे आम में कई रपटें भी डाली है। विष्णुदत्त को तंग परेशान किया व उस पर अनुचित दबाव डालकर उसे किसी व्यक्ति ने आत्महत्या के लिए मजबूर किया। अतः मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। संदीप की इस रिपोर्ट पर थाना विपनपुरा में भादसं की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर जांच सीआईडी सीवी जयपुर के विकास शर्मा को अनुसंधान उच्चाधिकारी के आदेश से सुपुर्द की गई।

रविवार को जब मानकसर सर्किल पर सीआई विष्णुदत्त बिश्नोई का पार्थिव देह पहुंचा तो क्षेत्र के लोगों द्वारा पुष्प वर्षा करके श्रद्धांजलि दी गई। विष्णुदत्त बिश्नोई अमर रहे, राजस्थान पुलिस जिंदाबाद के नारे लगाये गये।

उधर राजगढ़ थाने के सभी पुलिस कर्मचारियों ने सामुहिक स्वैच्छिक स्थानान्तरण बाबत आईजी जोस मोहन को पत्र दिया है। उन्होंने लिखा है कि दुखद घटना एसएचओ के साथ हुई है उससे हम भयभीत है। आए दिन दैनिक ड्यूटी करते समय छोटी-छोटी बातों को लेकर हमारी उच्चाधिकारियों को झूठी व मिथ्यापूर्वक विधायक महोदया सादुलपुर द्वारा व उसके कार्यकर्ता शिकायत करते हैं जिससे हाल ही में सज्जन कुमार हैड .कांस ., इन्द्र हैड .कांस., राजेश चालक कांस, व मनोज कांस की झूठी व मिथ्या शिकायतों का शिकार करके पुलिस लाईन चूरू रवाना किया गया। जिससे हम सभी पुलिसथाना राजगढ़ के स्टाफ भयभीत है। विष्णुदत्त की जो घटना हुई है उससे हमारा मनोबल पूरी तरह टूट गया है। अतः हमारा राजगढ़ थाने से स्थानान्तरण दूसरी जगह कर दिया जाए। ताकि इस तरह की घटना की पुनरावृति ना हो सके। (संलग्न पत्र)