Site icon OmExpress

सीएम योगी ने की छठ महापर्व पर यूपी में 10 को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा

रिपोर्ट – अनमोल कुमार

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ ने सूबे में छठ महापर्व पर 10 नवम्बर को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। साथ ही सभी को इस महापर्व में कोरोना प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने की अपील की है।
सीएम योगी ने प्रशासन को सभी को जागरूक करने के भी निर्देश दिए हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर भी सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। यूपी सरकार ने अभी तक छठ को निर्बंधित अवकाश की श्रेणी में रखा था। सोमवार को मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों समेत मंडल व जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सार्वजनिक अवकाश का निर्देश दिया।

सीएम योगी ने कहा कि जिलाधिकारी स्थानीय परंपरा और आवश्यकता के अनुरूप निर्णय लेकर इस संबंध में आदेश जारी करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छठ पूजा की सभी को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहाकि 14 नवंबर से अयोध्या में पवित्र पंचकोसी और चौदह कोसी परिक्रमा प्रारंभ हो रही है। इसके अलावा हापुड़ में गढ़मुक्तेश्वर मेला लगेगा। 19 नवंबर को वाराणसी में देव दीपावली मनाई जाएगी जिसमें लाखों श्रद्धालुओं की सहभागिता होगी।
गौरतलब है कि चार दिवसीय महापर्व छठ 8 नवंबर से शुरू हो चुका है। 9 नवंबर को खरना और 10 नवंबर को सभी अस्ताचलगामी सूर्य को जल देकर पूजन करेंगे, जिसके बाद 11 नवंबर को उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व संपन्न हो जाएगा।

Exit mobile version