Site icon OmExpress

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज बाथरूम में नहाते समय फिसलकर गिरे, चंडीगढ़ रेफर

अनूप कुमार सैनी
अंबाला। हरियाणा के स्वास्थ्य एंव गृह मंत्री अनिल विज मंगलवार को बाथरूम में नहाते समय फिसलकर गिर गए। इससे उनकी थाई यानी सांथल की हड्डी में फ्रैक्चर आ गया है। अनिल विज को नहाने के बाद चंडीगढ़ में किसी मीटिंग के लिए जाना था। बताया जाता है कि बाथरूम में गिरते ही मंत्री काफी देर तक बाहर ही नहीं निकल पाए। कुछ समय बाद वह किसी तरह बाहर निकले और परिजनों को सूचित किया।
आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए छावनी के सी लाल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। मंत्री विज के गिरने की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। अलग-अलग विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम प्राइवेट अस्पताल में पहुंची। एक्स-रे करवाने के बाद उन्हें चंडीगढ़ मैक्स अस्पताल रेफर कर दिया।

सूचना मिलते ही डीसी अंबाला अशोक शर्मा, एसपी अंबाला व सीएमओ डॉ. कुलदीप अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। बता दें कि दोपहर के समय मंत्री अनिल विज अपने घर की पहली मंजिल पर बने बाथरूम में नहा रहे थे। परिवार के सभी सदस्य नीचे थे। गिरने के काफी समय बाद वह हिम्मत करते हुए दरवाजे की कुंडी खोली और परिजनों को बुलाया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

Exit mobile version