जयपुर (ओम एक्सप्रेस)। सूर्यनगरी जोधपुर की साहित्यिक संस्था “ख़ुशदिलान-ए-जोधपुर” की ओर से होटल राजपूताना पैलेस के सभागार में वीना अचतानी के सद्यप्रकाशित लघुकथा-संग्रह – ‘सपनों के पंख’ का लोकार्पण समारोह व लघुकथा गोष्ठी का आयोजन हुआ जिस में नगर के 14 लघुकथाकारों ने अपनी लघुकथाओं का वाचन उपस्थित श्रोताओं के सम्मुख किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ लघुकथाकार लीला कृपलानी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ० कमल मोहनोत तथा विशिष्ट अतिथि के
तौर पर डॉ० उषा रानी पुंगलिया ने मञ्च को सुशोभित किया। वीना अचतानी के लघुकथा-संग्रह – ‘सपनों के पंख’ पर बसन्ती पंवार ने विस्तृत पत्रवाचन करते हुए कृति के गुण-दोषों की विद्वतापूर्ण विवेचना की। ‘ख़ुशदिलान-ए-जोधपुर’ संस्था के अध्यक्ष सन्दीप भाण्डावत द्वारा मञ्च से लघुकथा लेखिकाओं व लेखकों को इस अवसर पर इस महत्वपूर्ण साहित्यिक विधा में सृजन करने हेतु तथा लघुकथा संग्रह के लोकार्पण पर कृतिकार को बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन संस्था के महासचिव अनिल अनवर ने किया।

लगभग ढाई घण्टे तक चले इस साहित्यिक अनुष्ठान में खचाखच भरे हुए सभागार में श्रोताओं ने जोधपुर के लघुकथाकारों से उन की श्रेष्ठ लघुकथाएं सुनीं। कृति (लघुकथा-संग्रह – ‘सपनों के पंख’) की कृतिकार वीना अचतानी के प्रथम लघुकथा संग्रह का लोकार्पण कर मञ्चासीन विभूतियों ने कृतिकार का सारस्वत सम्मान किया। इस अवसर पर लेखिका ने लघुकथा संग्रह से अपनी दो चयनित श्रेष्ठ लघुकथाओं का वाचन किया। इन मार्मिक लघुकथाओं को श्रोताओं ने मुक्तकंठ से सराहा।

अतिथियों ने अपने उद्बोधन में लघुकथा विधा पर विद्वतापूर्ण विचार रखते हुए संस्था से सम्बद्ध लघुकथाकारों व कृतिकार वीना अचतानी की सराहना की तथा सूर्यनगरी जोधपुर में लघुकथा विधा पर इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए ‘ख़ुशदिलान-ए-जोधपुर’ को बधाई दी। संस्था के अध्यक्ष सन्दीप भाण्डावत ने सभी के प्रति संस्था की ओर से आभार व्यक्त किया।