Site icon OmExpress

दुनिया के 15 सबसे गर्म शहरों में 10 भारत के, चूरू-बीकानेर-गंगानगर शामिल

Hottest Cities

Hottest Cities

OmExpress News / New Delhi / पूरा उत्तर भारत भीषण गर्मी और लू का सामना कर रहा है। गर्मी का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि बीते 24 घंटों में दुनिया के 15 सबसे गर्म शहरों में 10 भारत के भी शामिल हो गए हैं। मौसम की जानकारी देने वाली वेबसाइट एल डोराडो के अनुसार, इस सूची में पाकिस्तान के शहर भी शामिल हैं, जहां के लोग भयंकर गर्मी का सामना कर रहे हैं। भारत में राजस्थान का चुरू शहर मंगलवार को सबसे गर्म रहा है। आपको ये बात जानकर हैरानी होगी कि यहां मंगलवार को पारा 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। (Hottest Cities in The World)

सूची में यूपी के दो शहर भी शामिल

बता दें चुरू राजस्थान के रेगिस्तानी क्षेत्र का एक शहर है। जिसे राजस्थान के थार रेगिस्तान के प्रवेश द्वार के रूप में जाना जाता है। चुरू के अलावा पाकिस्तान का जकोकाबाद भी मंगलवार को धरती का सबसे ज्यादा गर्म स्थान रहा है। दुनिया के सबसे गर्म 15 शहरों की सूची में राजस्थान के तीन अन्य शहर बीकानेर, गंगानगर और पिलानी भी शामिल हैं। इस सूची में दो शहर उत्तर प्रदेश राज्य के और दो महाराष्ट्र के हैं। वेबसाइट के अनुसार उत्तर प्रदेश के बांदा और हरियाणा के हिसार में मंगलवार को 48 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है।

चुरू में 22 मई से भीषण गर्मी जारी

सबसे गर्म शहरों वाली इस सूची में राजधानी दिल्ली (47.6 डिग्री), बीकानेर (47.4 डिग्री), गंगानगर (47 डिग्री), झांसी (47 डिग्री), पिलानी (46.9 डिग्री), नागपुर सोनेगांव (46.8 डिग्री) और अकोला (46.5 डिग्री) शामिल हैं। चुरू में गर्मी इतनी भीषण है कि यहां मई महीने में बीते 10 साल का दूसरा सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया है।

इससे पहले चुरू में 19 मई, 2016 में 50.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया था। चुरू में 22 मई से ही भीषण गर्मी पड़ रही है। उस दिन यहां 46.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया था, जो लगातार बढ़ता ही जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 23 मई को चुरू में 46.6 डिग्री, 24 मई को 47.4 डिग्री और 25 मई को 47.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया है।

इन शहरों में लोग कर रहे लू का सामना

राजस्थान के दो अन्य शहरों में भी उच्च तापमान दर्ज किया गया है। जो 45 डिग्री से भी अधिक रहा। यहां कोटा शहर और जैसलमेर में उच्चतम तापमान 46 डिग्री तक दर्ज किया गया है। इसके अलावा पूर्वी राजस्थान के बूंदी और कोटा शहर के कुछ स्थानों पर लू का प्रकोप देखने को मिला। इसके साथ ही बीकानेर, चुरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में भी लोग लू का सामना कर रहे हैं।

ये हैं दुनिया के 15 सबसे गर्म शहर (बीते 24 घंटों में)

चुरू (भारत)- 50 डिग्री
जकोकाबाद (पाकिस्तान)- 50 डिग्री
नवाबशाह (पाकिस्तान)- 49 डिग्री
पडाईडान (पाकिस्तान)- 49 डिग्री
बांदा (भारत)- 48 डिग्री
हिसार (भारत)- 48 डिग्री
रोहरी (पाकिस्तान)- 48 डिग्री
सिबी (पाकिस्तान)- 48 डिग्री
नई दिल्ली/पालम (भारत)- 47.6 डिग्री
बीकानेर (भारत)- 47.4 डिग्री
गंगानगर (भारत)- 47 डिग्री
झांसी (भारत)- 47 डिग्री
पिलानी (भारत)- 46.9 डिग्री
नागपुर (भारत)- 46.8 डिग्री
अकोला (भारत)- 46.5 डिग्री

Exit mobile version