

आगरा।कुदरत जब भी अपना करिश्मा दिखाती है तो अचंभित करने वाला करिश्मा दिखाती है।कुदरत का करिश्मा उत्तर प्रदेश के ताज नगरी आगरा में देखने को मिला है।जहां एक ऑटो ड्राइवर की पत्नी ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया है।जच्चा और बच्चा सभी स्वस्थ हैं और अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं। मिली जानकारी के अनुसार एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर मोहल्ले में रहने वाले मनोज कुमार की पत्नी खुशबू की तबीयत सोमवार को अचानक खराब हो गई।मनोज ने अपनी पत्नी को ट्रांस यमुना इलाके के जय अंबे अस्पताल में भर्ती कराया।जांच के बाद पता चला कि महिला गर्भवती है। अल्ट्रासाउंड में दो जुड़वा बच्चों के बारे में पता चला।हालांकि यह डिलीवरी आसान नहीं थी,लेकिन डॉक्टरों ने पैनल बनाकर खुशबू का ऑपरेशन किया।ऑपरेशन के बाद महिला ने चार बच्चों को जन्म दिया,जिनमें तीन लड़कियां और एक लड़का है।इस पैनल में डॉ. प्रियंका सिंह, डॉ. नीलम और डॉ. सूर्य देव थे।
बच्चों का पिता है ऑटो ड्राइवर,पालन पोषण को लेकर चिंतित
बच्चों के पिता मनोज कुमार आगरा में ही ऑटो ड्राइवर हैं। सामान्य परिवार से होने के कारण आर्थिक हालत ज्यादा ठीक नहीं है।मनोज के पहले से ही तीन बेटियां हैं।इस बार एक साथ चार बच्चे आए हैं. वहीं, मनोज कुमार को सात बच्चों के पालन-पोषण की चिंता सता रही है।
डॉक्टर ने दिया सहयोग का आश्वासन
अस्पताल में बच्चों की देखरेख का एक दिन का खर्चा 6000 रुपए हैं।यानी कि पूरे दिन में 24000 रुपए देखरेख के लिए खर्च हो रहे हैं।मनोज कुमार ने उधार पैसे लेकर अब तक पैसा भरा है।अभी अगले दो-तीन दिन तक बच्चों को अस्पताल में और रखा जाएगा। इसे लेकर मनोज बेहद चिंता में हैं।हालांकि अस्पताल के संचालक ने बच्चों की पढ़ाई लिखाई को लेकर मदद का आश्वासन भी दिया है।हॉस्पिटल के संचालक डॉ महेश चौधरी का कहना है कि प्रसूता खुशबू और उसके चारों बच्चे स्वस्थ हैं।उन्हें किसी भी प्रकार का खतरा नहीं है।