हर्षित सैनी
रोहतक, 20 अक्टूबर। विधानसभा चुनाव में 75 कंडक्टरों की ड्यूटी लगने से रोहतक रोडवेज प्रशासन के सामने समयसारिणी के हिसाब से बसों का संचालन करवाने का संकट पैदा हो गया है। महाप्रबंधक ने अधीनस्थों के साथ बैठक करके तय किया कि 20 व 21 अक्तूबर को करीब 40 लोकल रूट (ग्रामीण एरिया) की बसों का संचालन नहीं किया जाएगा। 22 अक्तूबर को जैसे-जैसे कंडक्टर ड्यूटी पर लौटेंगे वैसे-वैसे बसें संचालित करवाई जाएंगी।
महाप्रबंधक ने 75 कंडक्टरों की चुनाव में ड्यूटी लगने के बाद दफ्तरों में काम कर रहे 32 कंडक्टरों को तत्काल प्रभाव से अपने मूल पद पर पहुंच कर कार्य करने के आदेश दिए हैं। आधिकारिक सूत्र बताते हैं कि 18 कंडक्टरों ने शुक्रवार तक वर्कशाप में मूल काम नहीं संभाला। इस पर महाप्रबंधक ने आदेश जारी कर दिया है कि सभी 18 कंडक्टर चुनाव होने के बाद दो दिन और रूट पर जाएंगे।
इन रूटों पर बंद रहेंगी बसें
रिढाल, अजायब, सांपला, समचाना, दतौड़, पाकस्मा, मोखरा, निंदाना, सांधी, कथूरा, भावड़, मकड़ौली, चमरिया, खिड़वाली, गिरावड़, विधलान, भैंसवाल, जसराणा-फरमाणा, रिढाल-किलोई-दिल्ली, गूगाहेड़ी, जुलाना, फरमाणा, बेडवा, काहनौर, चिमनी, सांगहेड़ा, कलानौर-महम, भराण-महम, बलंबा-महम, महम-सामाण, महम-मातौ भैणी आदि हैं।
रोहतक डिपो के महाप्रबंधक जोगेंद्र रावल के अनुसार रोडवेज के 75 कंडक्टरों की चुनाव में ड्यूटी लगी है। इस पर दफ्तर में काम करने वाले कंडक्टरों को मूल पद पर भेजने का आदेश कर दिया है। दूरस्थ क्षेत्र की बसों का संचालन सुचारु करवाया जाना प्राथमिकता है क्योंकि यात्रियों को परेशानी होगी।
रविवार (20 अक्तूबर) और मतदान का दिन (21 अक्तूबर) होने की वजह ग्रामीण इलाकों की बस सेवा बंद रहेगी। 22 अक्टूबर को जैसे-जैसे कंडक्टर ड्यूटी पर आएंगे वैसे-वैसे लोकल बस चलवाई जाएगी।