कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ गांव की महिलाओं को जागरूक करें महिलाएं-सविता
हर्षित सैनी
रोहतक, 19 फरवरी। बाल विकास परियोजना रोहतक (शहरी) की तरफ से गांव गढ़ी माजरा में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन महिलाओं के प्रति समाज को संवेदनशील बनाने व लड़का-लड़की में भेदभाव न करने के उद्देश्य से रखा गया। इस कार्यक्रम में गांव की गर्भवती, दूध पिलाने वाली व अन्य महिलाओं ने हिस्सेदारी की।
इस मौके पर बोलते हुए सविता सुपरवाइजर ने बताया कि गांव गढ़ी माजरा का लिंग अनुपात औसत से कम है। उन्होंने महिलाओं को कहा कि वह लड़का-लड़की में भेदभाव न करें तथा कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ गांव की अन्य महिलाओं को जागरूक करें।

उन्होंने कहा कि लड़कियां भी माता-पिता का नाम रोशन करती हैं व उनके हर सुख दुख में काम आती हैं। अत: लड़की होना एक गर्व की बात है इस मौके पर बेटियों की माताओं को भेंट देकर सम्मानित किया गया ताकि वह बेटियों के जन्म पर गर्व महसूस कर सकें ।बाद में महिलाओं ने गांव में रैली निकाली।
इस मौके पर आंगनवाड़ी कार्यकर्त्ताओं की तरफ से गर्भवती महिलाओं की गोद भराई का कार्यक्रम किया गया। गोद भराई का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार के बारे में जानकारी देना था। साथ ही अलग-अलग तरह के खाद्य पदार्थ महिलाओं को दिए गए तथा उन खाद्य पदार्थों के माध्यम से उन्हें प्रोटीन विटामिन कार्बोहाइड्रेट आदि पौषक तत्वों बारे विस्तार से बताया गया। इस मौके पर आंगनवाड़ी कार्यकर्त्ता स्नेह लता कविता वह रेखा भी मौजूद थी।