_बिहार में सुखाड़ है और ये दिल्ली में विपक्षी एकता में लगे है, जो हो नहीं सकता

रिपोर्ट -अनमोल कुमार

पटना : पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने नीतीश कुमार के दिल्ली दौरे पर कहा कि बिहार में सुखाड़ है, किसान परेशान है और ये दिल्ली में विपक्षी एकता में लगे है। आरसीपी सिंह ने कहा कि ये विपक्षी एकता कभी नहीं हो सकती है। इसके पूर्व पटना पहुंचने पर समर्थकों ने एयरपोर्ट पर उनका जमकर स्वागत किया।
आरसीपी सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भाजपा के खिलाफ विपक्षी एकता की मुहिम के तहत दिल्ली दौरे पर कहा कि नीतीश कुमार ने जनादेश का अपमान किया है। उन्होंने विधानमंडल में मेरे लिए जिस तरह की असंयमित भाषा का प्रयोग किया, उससे स्पष्ट है कि अब उनकी भाषा भ्रष्ट हो चुकी है। उन्हें राज्य की जनता की चिंता नहीं है। एयरपोर्ट पर आरसीपी सिंह के समर्थकों ने “राज्य का मुख्यमंत्री कैसा हो, आरसीपी सिंह जैसा हो” के
जमकर नारे लगाए।
अर्थव्यवस्था में हम इंग्लैंड से आगे निकल गए
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार केंद्र सरकार पर उंगली उठाते हैं कि देश में कोई काम नहीं हुआ। आज पहली बार इस देश के लिए गौरव की बात है कि भारत ने दुनिया भर में अर्थव्यवस्था में पांचवां स्थान प्राप्त कर लिया है। हम उस इंग्लैंड से आगे निकल गए, जिसने हमारे ऊपर सैकड़ों वर्ष तक शासन किया था।
बिहार में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं
आरसीपी सिंह ने आगे कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। बिहार को विकसित प्रदेश बनाने के लिए नीतीश कुमार को जनता ने जनादेश दिया, लेकिन वे दिल्ली पहुंचे हुए हैं। चूंकि नीतीश कुमार का काम में मन नहीं लग रहा है इसलिए वे समय काट रहे हैं और जनता दरबार कर रहे हैं।