

-अयोध्या में रामलला के बन रहे भव्य मंदिर के गर्भगृह में विराजमान होने की टाइम लाइन सामने आ गई है। 15 से 24 जनवरी तक, अर्थात 10 दिन के प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पीएम नरेन्द्र मोदी के भी इस कार्यक्रम में भाग लेने की सम्भावना है
अयोध्या।जोरशोर से निर्माणाधीन रामलला के भव्य मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह की विशेष तैयारियां चल रही हैं। इसके पहले फेज का काम इस साल दिसम्बर तक पूरा कर लेने का लक्ष्य है। अभी भव्य मंदिर के पहले तल के निर्माण कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है। राम मंदिर का निर्माण तीन फेज में होना है। हालांकि, पहले फेज का कार्य पूरा होने के बाद अस्थायी मंदिर में विराजमान रामलला को उनके गर्भगृह में स्थापित कर दिया जाएगा। प्राण प्रतिष्ठा का समारोह 15 से 24 जनवरी चलेगा। इसके बाद 24-25 जनवरी से रामलला का दरबार सामान्य भक्तों के लिए खुल जाएगा। रामलला इसके बाद अपने भव्य मंदिर के गर्भगृह से भक्तों को दर्शन देंगे।
मकर संक्रान्ति के मौके पर प्राण प्रतिष्ठा
राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम मकर संक्रान्ति के मौके पर किया जाएगा। 15 जनवरी 2024 को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की शुरुआत होगी। अयोध्या राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने प्राण प्रतिष्ठा की टाइम लाइन की जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी तक मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा का कार्यक्रम चलेगा। 24-25 जनवरी से श्रद्धालु नवनिर्मित राम मंदिर में रामलला का दर्शन कर सकेंगे। नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। पीएम नरेन्द्र मोदी ने ही इस मंदिर का शिलान्यास भी किया था।
वैश्विक स्तर पर होगा आयोजन
अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाए जाने की तैयारी की गई है। देश के विभिन्न भागों में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन किए जाने की तैयारी पहले से है। इस मौके पर देश के तमाम मंदिरों में विशेष आयोजन किए जाएंगे। वहीं, विदेशों में स्थित भारतीय दूतावास में भी राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
आयोजन से पहले तैयारियां होंगी पूरी
अयोध्या में राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह से पहले मंदिर निर्माण के पहले चरण को पूरा करा लिया जाएगा। राम मंदिर के गर्भ गृह को तैयार करा लिया जाएगा। मंदिर का फर्स्ट फ्लोर बनकर तैयार हो चुका होगा। इसके अलावा गुरु मंडप भी बनकर तैयार हो जाएगा। गर्भ गृह के द्वारों को भी तैयार कर लिया जाएगा। इन द्वारों को सोने से मढ़े जाने की तैयारी है। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले इस भव्य कार्यक्रम के जरिए एक बड़ा संदेश देने की तैयारी होगी।
