नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की कंपनी सेल सोलर पी6 प्राइवेट लिमिटेड, जो सेल इंडस्ट्रीज लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है, को पिछले छह महीनों में 1 गीगावॉट पीक क्षमता के सौर पीवी मॉड्यूल की आपूर्ति के ऑर्डर मिले हैं। कंपनी के लिए इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

सेल अनुबंधित परियोजनाओं के लिए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में एन-टाइप टीओपीकॉन मॉड्यूल की आपूर्ति करेगी। कंपनी की ऑर्डर बुक में एनटीपीसी रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड की उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में प्रस्तावित सौर पीवी परियोजना के लिए 585.8 मेगावॉट पीक क्षमता के मॉड्यूल की आपूर्ति का ऑर्डर शामिल है।

भारत में मिले शेष ऑर्डर गुजरात और उत्तर प्रदेश के अन्य हिस्सों में स्थापित होने वाली बड़े पैमाने की सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए हैं।

सेल के सौर पीवी मॉड्यूल नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की स्वीकृत मॉडल एवं निर्माता सूची (एएलएमएम) में सूचीबद्ध हैं। सरकारी और सरकार समर्थित सौर परियोजनाओं में मॉड्यूल की तैनाती के लिए इस सूची में शामिल होना अनिवार्य है।

कंपनी बड़े पैमाने पर सौर ऊर्जा उत्पादन, सौर पीवी मॉड्यूल निर्माण और कृषि अपशिष्ट से ऊर्जा उत्पादन के कारोबार में सक्रिय है। 30 सितंबर 2025 तक कंपनी के पास अनुबंधित और आवंटित सौर तथा ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं की कुल 8,299 मेगावॉट पीक (डीसी) क्षमता का पोर्टफोलियो था। इसके अलावा कंपनी के पास 3,625 मेगावॉट की टीओपीकॉन मॉड्यूल निर्माण क्षमता और 164.90 मेगावॉट की कृषि अपशिष्ट से ऊर्जा उत्पादन क्षमता थी।

 

सेल उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा (जेवर) में एक एकीकृत विनिर्माण संयंत्र भी स्थापित कर रही है। इस संयंत्र में 5 गीगावॉट क्षमता की सौर सेल निर्माण इकाई और 5 गीगावॉट क्षमता की सौर मॉड्यूल निर्माण लाइन स्थापित की जाएगी। यह संयंत्र फिलहाल निर्माणाधीन है।