Site icon OmExpress

जिला कलक्टर और निगम आयुक्त को बताई शहर की बदहाली, 10 दिन का दिया समय

बीकानेर। शहर की बदहाल स्थिति को लेकर बुधवार को शहर जिला महिला कांग्रेस ने जिला कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन देकर आक्रोश जताया है। आए दिन सड़कों और बाजारों में घूम रहे आवारा पशुओं के कारण जन जीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त है। प्रस्तुत ज्ञापन में इन व्यवस्था में 10 दिन में सुधार नहीं किये जाने की स्थिति में आंदोलन और धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। शहर जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुनीता गौड़ के नेतृत्व में महिलाओं ने बुधवार को नगर निगम आयुक्त का घेराव कर विरोध प्रदर्शन कर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रोष व्यक्त किया।

शहर जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुनीता गौड़ ने कहा की शहीदों के स्मारक, उनके नाम पर बने मार्ग आज बदहाली की स्थिति में है। स्मारक के आस-पास साफ-सफाई नहीं होने से गंदगी बढ़ती जा रही है तथा शीलापट्ट पर पोस्टर आदि चस्पा है। वॉर मेमोरियल अँधेरे में है तथा यहां असामाजिक तत्व बैठकर शराब का सेवन करते है। साथ ही मेजर पूर्ण सिंह सर्किल के फवारे बंद पड़े हैं। उन्होंने जिला प्रशासन पर रोष व्यक्त करते हुए कहा की स्वतंत्रता सेनानी के नाम से बने मार्ग शिलालेख क्षतिग्रस्त हैं। श्रीमती गौड़ ने कहा की नगर निगम और नगर विकास न्यास के स्वीकृत पार्को की दुर्दशा हो रही है। पार्को पर अतिक्रमण किया जा रहा है।
नगर निगम प्रतिपक्ष नेता जावेद पडि़हार ने कहा की स्व.पन्नालाल बारूपाल, आंबेडकर सर्किल, मेडिकल कॉलेज सर्किल, पंचशती सर्किल के फव्वारे और लाइट बंद पड़ी है। इनके विकास पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने निगम आयुक्त पर गहरा रोष जताते हुए कहा की शहर की साफ सफाई, सीवरेज व्यवस्था ठप पड़ी है। पॉलीथिन बाजार में धड़ल्ले से बिक रहा है। इस अवसर पर पूर्व उपमहापौर शकीला बानो, शहर महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष मनभरी, शिवरी चौधरी, विमला फौगा, सपना तिवारी, मुमताज शेख, समीम, संतोष भाटी, परमेश्वरी बिश्नोई, रामेश्वरी बिश्नोई, कमली बानो तथा सुनीता सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रही।

Exit mobile version