Site icon OmExpress

108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं श्रद्धांजलि समारोह का शुभारम्भ


ओमएक्सप्रेस न्यूज.बीकानेर। श्री छ:न्याति ब्राह्मण संघ मैदान परिसर में चल रहे 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का शुभारम्भ कल मंगल-कलश यात्रा से किया गया। राजस्थान सरकार के मंत्री महोदय श्री राजेन्द्र राठौड़ की धर्मपत्नी श्रीमती चाँदकंवर के द्वारा मंगल -कलश को शिरोधार्य कर कलश-यात्रा का शुभारम्भ हुआ। आज यज्ञ स्थल पर प्रात: 8.00 बजे एस.बी.आई. के डी.जी.एम. श्री विनीत कुमार जी, श्री अविनाश जी मोदी प्रबन्ध निदेशक लोट्स डेयरी तथा कर्नल लखन सिंह परिहार, जयपुर के द्वारा ध्वजारोहण के साथ ही यज्ञीय कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ, जिसमें देव मंच पर स्थापित प्रतिमाओं-वेद माला, गायत्री, परम पूज्य गुरूदेव श्रीराम शर्मा आचार्य, वन्दनीयामाता भगवती देवी, यज्ञ भगवान, प्रकाश एवं ज्ञान की प्रतीक के रूप में मशाल आदि का पूजन वन्दन विशिष्ट व्यक्तियों द्वारा करवाया गया।

यज्ञाचार्यो की टोली में गायत्री तपोवन हरिद्वार से पधारे सभी विद्वजनों का तिलक लगाकर व साफा पहनाकर माल्यार्पण करते हुए सम्मान-सत्कार किया गया। इसके पश्चात् पंच वेदी पूजन सम्पन्न करवाया गया जिसमें गणपति वेदी पर प्रथम पूज्य, विघ्न विनाशक भगवान श्री गणेश, शोषड मात्रिका वेदी पर शोडष मात्रिकाओं, एवं नवग्रह वेदी पर नवग्रहादि का विशिष्ट वेदमंत्री से आह्वान कर करणी सिंह राठौड़, जगदीश सिंह शेखावत, दलीप सिंह राठौड़, अजीत सिंह राठौड़ एवं गोपीकिशन द्वारा सपत्पीक शोडषोपचार पूजन सम्पन्न करवाया गया।

तत्पश्चात् तत्ववेदी पूजन करवाकर यज्ञ भगवान को लोक मंगल एवं पर्यावरण परिशोधन के लिए गायत्री महामंत्र, महामृत्युंञजय महामंत्र से श्रद्वापूर्वक आहुतियाँ समर्पित की गई। अन्त में सर्वे भवन्तु सुखिन:, सर्वे सन्तु निरामया की कामना करते हुए यज्ञ की पूर्णाहूति करवायी गई। यज्ञाहुतियों के पूर्व काशी से पधारे राजर्षि गांगेय हंस जी महाराज ने यज्ञ की महत्ता पर प्रकाश डाला।

Exit mobile version