Site icon OmExpress

नोखा रोड से गोपेश्वर बस्ती जाने वाला मार्ग शीघ्र होगा तैयार

 

ओम एक्सप्रेस न्यूज बीकानेर। नगर विकास न्यास द्वारा शहर में चल रहे विकास कार्यों की शृंखला में जैन पब्लिक स्कूल से गोपेश्वर बस्ती की ओर जाने वाले मार्ग के निर्माण का कार्य अब जल्द ही तैयार हो जाएगा। न्यास अध्यक्ष रांका ने बताया कि यह मार्ग विकास कार्यों में एक बड़ी उपलब्धि साबित होगा। नोखा रोड से गोपेश्वर बस्ती सीधे जुड़ जाएगी वहीं गोपेश्वर बस्ती से मोहता सराय होते हुए सीधे करमीसर मार्ग जुड़ जाएगा।

यह है मार्ग-
जैन पब्लिक स्कूल के समीप से निकलने वाला मार्ग हमालों का कब्रिस्तान, आचार्यों की बगेची से होता हुआ गोपेश्वर बस्ती रोड में मिल जाता है। यह मार्ग सीधा मोहता सराय की ओर जाता है तथा दूसरी तरफ नोखा राजमार्ग से होते हुए नव प्रस्तावित भारतमाता पार्क की ओर भी जाएगा। 80 फुट चौड़ा तथा करीब 600 मीटर लम्बा बनाया जाना प्रस्तावित है।

सड़क चौड़ाई के साथ सुरक्षा जरूरी-
नगर विकास न्यास सचिव आर.के. जायसवाल ने बताया कि गडï्ढे भराई का कार्य पूर्ण हो चुका है। अब प्रोटेक्शन वॉल, सड़क निर्माण, रोड डिवाइडर, फुटपाथ व विद्युत खम्भे लगाए जाएंगे। सचिव जायसवाल ने बताया कि इसी सम्बन्ध में गुरुवार को मौका मुआयना किया गया तथा इस मार्ग में चट्टान के ऊपर दरगाह है और सुरक्षा की लिहाज से पूर्व चैयरमेन मकसूद अहमद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत, माशूक अहमद, हारुन राठौड़ तथा हमाल समाज के गणमान्यजनों से वार्ता हुई तथा स्थान चिह्निकरण कर पर्याप्त सड़क सुनिश्चित कर सेफ्टीवॉल पर सहमति बनी। साथ ही वहां स्थित हमाल समाज के सामुदायिक भवन में एक बड़ा हॉल, टायलेट व आगे की तरफ से आवागमन के लिए एक मार्ग और निकालने पर भी चर्चा की गई। न्यास अध्यक्ष रांका ने उपस्थितजनों को बताया कि सड़क की चौड़ाई के साथ-साथ सुरक्षा भी महत्वपूर्ण है इसलिए प्रोटेक्शन वॉल पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

ढाई करोड़ रुपए में मिलेगा सुगम मार्ग
न्यास अध्यक्ष महावीर रांका ने जानकारी देते हुए बताया कि सड़क निर्माण, प्रोटेक्शन वॉल, डिवाइडर, फुटपाथ, बैरिंग्स आदि सहित अन्य निर्माण कार्यों में लगभग ढाई करोड़ रुपए का खर्च आएगा। लगभग फरवरी तक यह कार्य पूर्ण होने की संभावना है। नोखा रोड से शहर की तरफ एवं पीबीएम हॉस्पिटल आदि मुख्य स्थानों पर शहर से जाने के लिए यह मार्ग सुगम हो जाएगा।

Exit mobile version